मोक्ष शर्मा, शिमला: फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत के मुंबई स्थित कार्यालय को तोड़ने के मामले ने जोर पकड़ लिया है। गुरुवार को पूरे प्रदेश में प्रदर्शन हुआ तो वहीं आज बीजेपी आईटी सैल ने रिज मैदान में कंगना के पक्ष में सिग्नेचर कैंपेन शुरू कर दिया है। आईटी सैल के प्रदेश संयोजक चेतन बरागटा के नेतृत्व में कैंपेन शुरू किया गया है। जिसे बाद में जिला और मंडल स्तर तक पहुंचाया जाएगा। हिमाचल में कंगना के प्रति अब जनभावनाएं उमड़ने लगी हैं। यही वजह है कि सियासी दल भी इस मुद्दे पर कूद पड़े हैं।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कंगना के पक्ष में शुरू हुए सिग्नेचर कैंपेन में भी हिस्सा लिया। इसके बाद न्यूज 18 के साथ बातचीत में सुरेश कश्यप ने कहा कि शिवसेना-कांग्रेस नीत गठबंधन की सरकार कंगना के प्रति बदले की भावना से काम कर रही है। शिवसेना नेता ने हमाचल की बेटी और एक नारी के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग किया है। पिछले कल उनके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज करवाई गई है। कंगना न केवल हिमाचल की बेटी है, बल्कि देश की बेटी भी है। उन्होंने कहा कि कंगना ने हिमाचल का नाम देश में ही नहीं बल्कि दुनिया में भी ऊंचा किया है। बीएमसी कंगना को ऑफिस तैयार करके दें।
कंगना के सपोर्ट के लिए सोशल मीडिया को भी हथियार बनाया गया है, हालांकि कंगना ने भी महाराष्ट्र सरकार के खिलाफ ज्यादातार हमले ट्वीटर के जरिए ही किए है। हिमाचल में भी टवीटर पर कंगना के लिए हिमाचल की बेटी हैश टैग वी सपोर्ट कंगना नाम स्पोर्टिव टवीट किए जा रहे हैं। बीजेपी प्रदेश आईटी सैल के संयोजक चेतन बरागटा ने कहा कि बीते कल से लेकर आज तक वी स्पोर्ट कंगना की रीच 12 लाख तक रही है। जिसमें डेढ़ लाख ट्वीट केवल हिमाचल से हुए हैं। इसी कड़ी में आईटी सैल अब सिग्नेचर कैंपेन को विधानसभा स्तर तक ले जाएगी।







