संवाददाता, शिमला: हिमाचल प्रदेश में कोरोना के बढ़ते प्रकोप के चलते जहां सरकार ने बॉर्डर खोल दिए हैं। सरकार ने टूरिस्ट एक्टविटी को बढ़ावा देने के लिए अब पुरानी शर्तें भी खत्म कर दी है। ऐसे में अब टूरिस्ट बिना रोक टोक के सूबे में आ जा सकते हैं, लेकिन स्पीति वैली में टूरिस्ट एक्टिविटी पर रोक रहेगी। स्थानीय स्पीति टूरिज्म सोसाइटी ने यह फैसला लिया है। सोसायटी ने एक बयान जारी करते हुए कहा कि अफसोस के साथ घाटी की सैर करने का प्लान बना रहे पर्यटकों और यात्रियों को बताना पड़ रहा है कि घाटी पर्यटकों के लिए 31 अक्टूबर 2020 तक बंद रहेगी।
वहीं इस दौरान हिमाचल की सैर करने वाले यात्रियों को स्पीति घाटी में जीप सफारी, पैकेज टूर, कैंपिंग और ट्रेकिंग सहित किसी भी पर्यटन गतिविधि की अनुमति नहीं होगी। घाटी में पर्यटन को बंद करने का फैसला यहां के स्थानीय लोगों ने मिलकर लिया है। इसमें होटल मालिकों, होमस्टे मालिकों, गाइडों, ट्रैवल एसोसिएट्स, कैब ड्राइवर, पंचायत प्रतिनिधि, स्थानीय निवासी और CPMSD शामिल हैं।


