20 अगस्त 2025, हिमाचल प्रदेश/ दिल्ली: पूर्व केंद्रीय मंत्री व हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने आज प्रधानमंत्री संग्रहालय में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि भारत में कुछ नेता राजशाही मानसिकता के शिकार हैं। FORE राजनीतिक नेतृत्व एवं शासन संस्थान के राजनीति के छात्रों से संवाद के दौरान श्री अनुराग सिंह ठाकुर में कहा कि कुशल, नैतिक और दूरदर्शी नेतृत्व आज के समय की मांग है।

अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा “ नेतृत्व और राष्ट्र-निर्माण की अवधारणा का एक व्यापक आयाम है। सच्चा नेतृत्व केवल उच्च पदों या भव्य मंचों तक ही सीमित नहीं है; यह उन लोगों के कार्यों में निहित है जो जमीनी स्तर पर सकारात्मक बदलाव लाते हैं और दूसरों के लिए अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत करते हैं।
यहाँ तक कि एक गरीब महिला जो अपने घर में शौचालय बनवाने के लिए धन जुटाती है, वह भी अपने आप में नेतृत्व और राष्ट्र-निर्माण का एक उल्लेखनीय उदाहरण है। उम्र कोई बाधा नहीं है और हमारे पास ऐसे लाखों प्रेरक नायक हैं जिन्होंने उम्र को चुनौती दी है और नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण की मिसाल कायम की है। कुशल, नैतिक और दूरदर्शी नेतृत्व आज के समय की मांग है”

अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा “ भारतीय राजनीति में कुछ लोग ऐसे हैं,जो राजतंत्र की एक काल्पनिक दुनिया में जीते हैं। वो राजाओं-रानियों, राजकुमारों-राजकुमारियों, और
उन उपाधियों के साथ आने वाले भय और अधिकार के बारे में सोचते हैं जोकि राजनीति को एक निजी उपक्रम मानते हैं और हमेशा परिवार को राष्ट्र से ऊपर रखते हैं। लोकतंत्र में आपको जनादेश, संविधान और संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करना चाहिए और अपने राष्ट्र के प्रति वफ़ादार रहना चाहिए। हमें जनता के सच्चे साथी बनना सीखना चाहिए, बजाय इसके कि लोगों को अपना सच्चा साथी बनने के लिए मजबूर किया जाए। यह हमारे लोकतंत्र और जनता की खूबसूरती और परिपक्वता है, जिसने मोदी जी जैसे साधारण पृष्ठभूमि वाले व्यक्ति के नेतृत्व में इतना विश्वास जताया और तीन बार भारत का नेतृत्व उनके हाथों में सौंपा”
अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा “ हमारी जनसंख्या 140 करोड़ है और यह जनसंख्या कोई चुनौती नहीं है बल्कि यह हमारी सबसे बड़ी ताकत है। भारत एक युवा राष्ट्र है, जहाँ 65 प्रतिशत लोग 35 वर्ष से कम आयु के हैं।
हमारे यहाँ 15 से 19 वर्ष की आयु के 40 करोड़ युवा हैं। दुनिया के किसी अन्य देश में 40 करोड़ उज्ज्वल दिमाग, ऊर्जा, रचनात्मकता और महत्वाकांक्षा से भरी इतनी विशाल युवा आबादी नहीं है और यही पीढ़ी भारत के विकास को गति देगी, नवाचार को बढ़ावा देगी और हमारे राष्ट्र के भविष्य को आकार देगी।
मोदी जी की योजना 1 लाख युवाओं को राजनीति में लाने की है अगर आप राष्ट्र निर्माण के विचार से प्रेरित हैं, अगर आप समाज में बदलाव के लिए राजनीति में आना चाहते हैं, तो आपके लिए राजनीति में शामिल होने का यही सही समय है क्योंकि मोदी जी ने एक लाख युवाओं को राजनीति में लाने का संकल्प लिया है। राजनीति में युवाओं की सक्रिय भागीदारी शासन और नीति-निर्माण में नई ऊर्जा,
नए दृष्टिकोण और नवीन समाधान लाएगी”







