संवाददाता, धर्मशाला: अखिल भारतीय कांग्रेस के कमेटी सचिव एवं पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा ने बीते दिनों “अपना गांव अपना काम” कार्यक्रम लांच किया था। सुधीर शर्मा का मानना है कि कोरोना ने हमें वर्क फ्रॉम होम करना सिखा दिया है। ऐसे में भविष्य में ऐसा और भी कुछ हो सकता है, इसलिए सभी को इसके लिए तैयार रहना होगा। यह कार्यक्रम स्वरोजगार व रोजगार के लिए किसी भी समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित करने का बेहतरीन प्लेटफार्म है। इसके लिए वेबसाइट लांच की गयी थी । इसके अतिरिक्त ईमेल और वाट्सएप नंबर भी दिए गए थे।

अब इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए आज इसका ऐप भी लाँच किया गया। इस ऐप के माध्यम से स्वरोजगार की राह से जुड़ने वाले युवा खुद को रजिस्टर करवा सकते हैं व इस कार्यक्रम का लाभ उठा सकते हैं।
यह नॉन प्रॉफिट ऑर्गेनाइजेशन है, जिसमें बाहर से जो लोग काम-धंधे छोड़कर आए हैं, वे गांव में ही काम शुरू कर सकें। इसके साथ विशेषज्ञों की टीम भी है, जो कि विभिन्न क्षेत्रों से संबंधित जानकारी युवाओं को प्रदान करेंगे। इसे प्रदेश स्तर पर और जिला स्तर पर लेकर जाएंगे। हर ब्लॉक में स्वयंसेवक रखे जाएंगे, जो कि अलग-अलग फील्ड जैसे कृषि, बागवानी, फ्लोरीकल्चर, पोल्ट्री, आइटी, टूरिज्म व फिशरी से संबंधित लोगों को हर तरह के सुझाव उपलब्ध करवाएंगे। यह कार्यक्रम “समाज के लिए समाज द्वारा” के आधार पर शुरू किया जा गया है। इसका उद्देश्य यही है कि प्रदेश में खुशहाली आए तथा आर्थिक स्थिति मजबूत हो।

