शिमला— हिमाचल प्रदेश में छात्र राजनीति को नई दिशा और नई ऊर्जा देते हुए एनएसयूआई ने युवा एवं जमीनी स्तर पर सक्रिय नेता शुभम वर्मा को हिमाचल प्रदेश एनएसयूआई का स्टेट वाइस प्रेसिडेंट नियुक्त किया है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू की गई है।
शुभम वर्मा शिमला के कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र के स्थानीय निवासी हैं और उन्होंने सेंटर ऑफ एक्सीलेंस गवर्नमेंट कॉलेज संजौली, शिमला से अपनी शिक्षा प्राप्त की है। छात्र जीवन से ही वे सक्रिय राजनीति और छात्र हितों के मुद्दों से जुड़े रहे हैं।

संगठनात्मक अनुभव की बात करें तो वे पूर्व में स्टेट जनरल सेक्रेटरी और डिस्ट्रिक्ट प्रेसिडेंट जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अपनी जिम्मेदारी निभा चुके हैं। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने छात्र समस्याओं को मजबूती से उठाया, शिक्षा व्यवस्था में सुधार, पारदर्शिता और युवाओं को संगठन से जोड़ने में अहम भूमिका निभाई।
शुभम वर्मा को प्रदेश के युवा नेता एवं मंत्री विक्रमादित्य सिंह के करीबी सहयोगियों में भी माना जाता है। उनके मार्गदर्शन और संगठनात्मक समझ ने शुभम के नेतृत्व कौशल को और निखारा है, जिसका लाभ अब प्रदेश स्तर पर संगठन को मिलने की उम्मीद है।
एनएसयूआई के वरिष्ठ नेताओं ने विश्वास जताया है कि शुभम वर्मा अपनी ऊर्जा, समर्पण और संगठनात्मक क्षमता के दम पर हिमाचल प्रदेश में छात्र शक्ति को और सशक्त करेंगे। उनकी प्राथमिकता छात्रों के अधिकारों की रक्षा, रोजगार के अवसरों, कौशल विकास और शिक्षा संस्थानों में बेहतर सुविधाओं को सुनिश्चित करने पर केंद्रित रहेगी।
शुभम वर्मा ने अपनी नियुक्ति पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन के विश्वास पर खरा उतरते हुए प्रदेश के हर छात्र की आवाज़ बनने का प्रयास करेंगे और युवाओं को सकारात्मक राजनीति से जोड़ने का कार्य निरंतर जारी रखेंगे।
हिमाचल प्रदेश में युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने की इस पहल को संगठन के विस्तार और मजबूती की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


