स्पेशल डेस्क, मुंबई: बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत के मुंबई ऑफिस को बीएमसी द्वारा गिराए जाने के बाद जबरदस्त विवाद देखने को मिला। वहीं इसके बाद कंगना ने उनके ऑफिस के एक हिस्से को गिराए जाने के खिलाफ मुंबई हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की थी। आज इस याचिका पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने बीएमसी को फटकार लगाई है। वहीं अब इस पूरे मामले पर एक्ट्रेस कंगना रनौत की प्रतिक्रिया आई है। कंगना कोर्ट का आभार व्यक्त करते हुए इमोशनल हो गईं और इसके साथ उन्होंने कहा है कि ऐसा लग रहा है कि जो खोया था वो वापस मिल गया है।
बता दें कि कंगना रनौत की याचिका पर सुनवाई के दौरान मुंबई हाईकोर्ट ने बीएमसी पर तंज कसा कि आप तो बहुत तेज हैं। फिर आपको और समय क्यों चाहिए। कंगना के दफ्तर पर तोड़फोड़ को लेकर कोर्ट ने बीएमसी से जवाब मांगा है। कंगना ने बीएमसी के खिलाफ बॉम्बे हाई कोर्ट में याचिका दी थी। कोर्ट ने गुरुवार को अपनी सुनवाई में कहा कि मकान गिराने में फुर्ती दिखती है तो मरम्मत में सुस्ती क्यों? कोर्ट ने कहा कि ‘हम गिराए गए घर को ऐसे ही नहीं छोड़ सकते। बिल्डिंग को काफी तेजी से गिराया गया और मॉनसून के दौरान हम इसे उसी हालत में नहीं छोड़ सकते हैं’। वहीं अब इस मामले की सुनवाई शुक्रवार को होगी।





