पूनम मेहता,शिमला: छात्र अभिभावक मंच द्वारा आज निजी स्कूलों की मनमानी के खिलाफ शिक्षा निदेशालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने निजी स्कूलों पर शिक्षा विभाग व सरकार द्वारा जारी किए गए आदेशों की अवहेलना करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि निजी स्कूल लगातार अपनी मनमानी कर रहा है, इसके खिलाफ जल्द से जल्द कार्रवाई की जानी चाहिए। वहीं छात्र अभिभावक मंच द्वारा आज शिक्षा निदेशालय के अधिकारियों को इस विषय पर ज्ञापन सौंपा गया।
विजेंद्र मेहरा ने कहा है कि शिमला जिला के जनेड़घाट में एसडी पब्लिक स्कूल में लगभग दो सौ पचास बच्चे अध्ययनरत हैं। शिक्षा विभाग द्वारा 18 मार्च 2019 से लेकर कोरोन काल से ले कर अब तक जो भी अधिसूचनाएं अथवा आदेश जारी किए गए हैं,यह स्कूल लगातार उसकी अवहेलना कर रहा है। यह स्कूल ट्युशन फीस के अलावा तरह-तरह के चार्जेज़ वसूलता रहा है। इस स्कूल में एनुअल चार्जेज़ के नाम पर भारी राशि वसूली जा रही है।
वहीं छात्रों को फीस जमा न कर पाने की स्थिति में ऑनलाइन क्लासेज़ से बाहर किया जा रहा है।जोकि सरकार के आदेशों की खुली अवहेलना है। छात्रों व अभिभावकों पर प्रबंधन द्वारा तय की गई मनमर्जी की फीस को जमा करने के लिए गम्भीर मानसिक दबाव बनाया जा रहा है। प्रबंधन ने मार्च से जून 2020 तक कोई भी ऑनलाइन क्लासेज़ नहीं लगाई हैं।इसके बावजूद अभिभावकों से मार्च,अप्रैल,मई व जून की फीसें भी वसूली गई हैं जोकि सरकारी आदेशों का खुला उल्लंघन है।
उन्होंने कहा कि इस स्कूल प्रबंधन ने स्थानीय पंचायत से स्कूल परिसर में ही रैड एप्पल गेस्ट हाउस के नाम से गेस्ट हाउस चलाने की इजाज़त मांगी थी जोकि उसे स्थानीय पंचायत ने दे दी है। यह नियमों का घोर उल्लंघन है क्योंकि शिक्षण संस्थान के परिसर में गेस्ट हाउस जैसी व्यापारिक गतिविधि चलाना न केवल कानूनी तौर पर बल्कि नैतिक तौर पर भी गलत व अस्वीकार्य है।
उन्होंने मांग की है कि इस प्रक्रिया पर तुरन्त रोक लगाई जाए। उन्होंने एचडी स्कूल पर तुरन्त सख्त कार्रवाई अमल में लाने और विभिन्न मुद्दों की छानबीन व कार्रवाई हेतु इस स्कूल की इंस्पेक्शन के लिए एक इंस्पेक्शन टीम गठित करने की भी मांग की है।


