अरविंद कंवर: अकाली दल और भाजपा के 22 साल के गठबंधन के टूटने और भाजपा द्वारा पंजाब में नई सम्भावनाएं तलाशने के सफर की शुरुआत होते ही कई नाम और समीकरण उभरने लगे हैं और इन्ही समीकरणों मे केन्द्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर के पिछले कुछ समय से पंजाब की गतिविधियों पर नजर रखने और उस पर अपने पक्ष रखने से राजनीतिक गलियारों में एक नई चर्चा शुरू हो रही है कि क्या भाजपा पंजाब में अनुराग ठाकुर को अपना चेहरा बनाने जा रही है. इसके पीछे कई राजनीतिक तर्क और वितर्क भी हैं. एक तो पंजाब में भाजपा के पास कोई भी चेहरा नहीं है जिसके नाम पर वोट पड सकें, हालांकि एक दौर में नवजोत सिंह सिद्धू सशक्त चेहरा रहे पर अकालियों के साथ मतभेद के चलते उन्हें भाजपा छोड़नी पडी और अब इसकी संभावना कम ही है कि उनकी वापिसी हो ऐसे में उनके मुकाबले अनुराग ठाकुर एक मजबूत चेहरा हैं. दूसरा अनुराग की पढ़ाई और शुरुआती जिंदगी, व्यापार सब जालंधर में हुआ है और पंजाब की इस दोआबा बेल्ट में उनका एक अच्छा खासा रसूख है. दूसरा अनुराग ठाकुर को हालांकि पिछले समय राष्ट्रीय राजनीति में बहुत सक्रिय किए गए हैं, खासकर कोरोना के समय में जब देश आर्थिक संकट से गुजर रहा है तो सभी तरह की आर्थिक घोषणाओं और उनके क्रियान्वयन में मोदी सरकार ने अनुराग ठाकुर को आगे रखा, वो हर चैनल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में वित्त मंत्रालय की घोषणाओं के बारे में जानकारी देते रहे. ऐसा दो ही प्रमुख कारणों से किया जाता है राजनीति में, या व्यक्ती का केंद्र मे कद बढ़ाना हो या उन्हें कोई नई जिम्मेदारी देनी हो. अब हम इस समय इन दोनों ही सम्भावनाओं पर चर्चा कर रहे हैं. ऐसा भी हो सकता है कि उन्हें दिल्ली में प्रमोट किया जाए लेकिन पंजाब के बदलते समीकरण यह भी इशारा कर रहे हैं कि उन्हें वहाँ पर भाजपा का चेहरा बनाया जाए. कृषि संबंधी जो बिल अभी संसद में केंद्र ने पास करवाये हैं और उनको लेकर जो बवाल शुरू हुआ है उसमे सरकार का पक्ष रखने की जिम्मेदारी भी अनुराग के पास है और जिस तरीके से वो पिछले कुछ समय से इन बिलों पर एक के बाद एक पंजाब मीडिया चाहे वो प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक या सोशल मीडिया हो सरकार का पक्ष रख रहे हैं, राजनीतिक गलियारों में इस बात की सुगबुगाहट शुरू हो गई है कि कहीं उन्हें पंजाब में चेहरा बनाने की तयारी तो नहीं है. बहरहाल वो हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद हैं और केन्द्रीय वित्त राज्य मंत्री हैं पर राजनीति में किसी भी संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता है.







