स्पेशल डेस्क,कुल्लू: अभिनेत्री कंगना रनौत इन दिनों दक्षिण भारत में बहुप्रतिक्षित फिल्म थलाइवी की शूटिंग कर रही हैं। लॉकडाउन के बाद और कोरोना संकट के बीच कंगना थलाइवी फिल्म की शूटिंग को लेकर काफी एक्साइटेड हैं। यहीं वजह है कि कंगना समय-समय पर इस फिल्म से जुड़ी जानकारी सोशल मीडिया पर साझा करती रहती हैं। सोमवार को भी अभिनेत्री कंगना ने थलाइवी फिल्म को लेकर ट्वीट किया।
इससे पहले कंगना ने अपने प्रशंसकों के लिए कुछ मॉर्निंग सेल्फी भी पोस्ट की थीं। बता दें कि फिल्म ‘थलाइवी’ की बात करें तो इसका निर्देशन ए.एल. विजय द्वारा किया जा रहा है। यह फिल्म तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री रहीं जे. जयललिता की बायोपिक है। जिसमें कंगना मुख्य भूमिका निभा रही हैं।
फिल्म थलाइवी की शूटिंग के लिए कांगना रनौत 1 अक्टूबर को मनाली से हैदराबाद पहुंची हैं। अभिनेत्री कंगना ने ट्वीट किया, प्यारे दोस्तों कल सुबह की कुछ तस्वीरें साझा कर रही हूं। उन्होंने लिखा बहुत ही प्रतिभाशाली और स्नेही निर्देशक एएल विजय के साथ फिल्म के सीन को लेकर सुबह चर्चा करते हुए कुछ तस्वीरें शेयर कर रही हूं। इस दुनिया में कई खूबसूरत जगह हैं, लेकिन मुझे सुखद और सुकून फिल्म सेट पर ही मिलता है।

