संवाददाता,शिमला: डीडीयू अस्पताल में कोरोना पॉजिटिव महिला के आत्महत्या मामले में जिला प्रशासन ने मंगलवार को राज्य सरकार को जांच रिपोर्ट सौंप दी है। 27 पन्नों की इस जांच रिपोर्ट में अस्पताल प्रशासन की लापरवाही सामने आई है। इसके अलावा जांच अधिकारी की ओर से मामले में कुछ सुझाव भी दिए हैं। जांच अधिकारी ने इस मामले में मृतक महिला के परिजनों के अलावा डॉक्टरों और अन्य कर्मचारियों के भी बयान दर्ज किए गए हैं।
वहीं बयानों और अस्पताल से लिए दस्तावेजों के आधार पर जांच रिपोर्ट तैयार की गई है। बता दें कि 23 सिंतबर की रात को डीडीयू अस्पताल में कोरोना पॉजिटिव महिला ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मामले के दो सप्ताह बाद जांच पूरी कर जिला प्रशासन ने रिपोर्ट सरकार को सौंप दी है।
इस मामले में जिन अधिकांश लोगों के ब्यान दर्ज हुए हैं वे क्वारंटीन थे। ऐसे में जांच अधिकारी ने पीपीई किट पहनकर उनके बयान दर्ज किए। मंगलवार को उपायुक्त अमित कश्यप ने मामले की जांच रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंप दी है। रिपोर्ट के आधार पर राज्य सरकार क्या फैसला लेती है। इस बात का खुलासा आने वाले दिनों में होगा।


