संवाददाता,शिमला: हिमाचल में बारिश और बर्फबारी का दौर जारी हो गई है। लगातार हो रही बारिश और बर्फबारी ने ठंड बढ़ा दी है। वहीं शिमला के कुफरी, नारकंडा में सीजन की पहली बर्फबारी हुई। वहीं मनाली, डल्हौजी समेत कई स्थानों पर भी सीजन का पहला हिमपात हुआ। बर्फबारी के चलते कई रूट प्रभावित हो गए हैं। जनजातीय क्षेत्रों के कई गांव शेष दुनिया से कट गए हैं।
हिमाचल के जिला किन्नौर में भी देर रात से भारी बर्फ बारी हो रही है। बर्फबारी से जिला में शीत लहर जारी है और तापमान माईनस से नीचे पहुंच गया है। बर्फबारी से किसान बागवान खुश हैं लेकिन ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सेब तोड़ने का कार्य प्रभावित हुआ है। वहीं पर्यटन नगरी मनाली में भी इस सीजन की पहली बर्फ़बारी हुई। रविवार देर रात मनाली शहर सहित आस पास के क्षेत्रों में ताज़ा बर्फ़बारी हुई। घाटी में हुई ताजा बर्फबारी के बाद समूची घाटी ने बर्फ़ की सफ़ेद चादर ओढ ली है।







