संवाददाता, शिमला : प्रदेश में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया है। मौसम विभाग शिमला की चेतावनी के बाद शनिवार सुबह से ही पहाड़ों पर मौसम ने करवट बदल ली है। कुफरी सहित ऊपरी क्षेत्रों में बर्फबारी का दौर फिर से शुरू हो गया है। नारकंडा, खड्डा पत्थर और चौपाल में बर्फबारी हो रही है। हिमाचल की राजधानी शिमला से सटे प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कुफरी में ताजा बर्फबारी के बाद यहां पर्यटकों की भीड़ बढ़ गई है।
पर्यटक कुफरी में ताजा बर्फ के बीच जमकर मस्ती कर रहे हैं। साथ ही स्कीइंग और घुड़सवारी का भी आनंद ले रहे हैं। बर्फबारी के बाद शनिवार सुबह कुफरी के लिए यातायात बंद रहा। इसके बाद हाईवे बहाल होने पर बड़ी संख्या में चंडीगढ़, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और यूपी के सैलानियों ने बर्फ के नजारे लेने के लिए कुफरी और नारकंडा का रुख किया। कुफरी में दो इंच बर्फ गिर चुकी है। शिमला में सुबह बारिश हुई है और अब मौमस साफ हो गया है।
मौसम विभाग शिमला के निदेशक मनमोहन सिंह ने कहा कि प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो रही है और निचले क्षेत्रों में बारिश हो रही है, जिससे तापमान में भी 3 से 4 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सोमवार से मौसम फिर साफ हो जाएगा।


