संवाददाता शिमला: हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज चुनाव का बिगुल बज चुका है। शिमला में प्रधानों के चुनाव का रास्ता साफ हो गया है। शिमला जिले की 412 पंचायतों के चुनाव तीन चरणों में होंगे। टूटू और चौपाल को छोड़ राज्य निर्वाचन आयोग के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी आदित्य नेगी ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है। चुनावों में जिला परिषद व पंचायत समिति के मतदान की गिनती 22 जनवरी को होगी जबकि अन्य पंचायत प्रतिनिधियों के चुनाव की मतगणना उसी दिन चुनाव के बाद होगी।
डीसी शिमला आदित्य नेगी ने बताया कि 17 जनवरी को पहले चरण में शिमला की 138 पंचायतों पर चुनाव होगा। दूसरे चरण में 19 जनवरी को 139 पंचायतों और तीसरे चरण में 135 पंचायतों में चुनाव होंगे। जिसके लिए जिला प्रशासन ने तैयारी कर ली है। चुनावी ड्यूटी के लिए कर्मचारियों का रोस्टर तैयार किया जा रहा है। बीडीओ को पोलिंग बूथ बनाने के दिशानिर्देश जारी कर दिए गए हैं। मौसम ख़राब होने या बर्फ़बारी की स्थिति से निबटने के लिए भी मशीनरी व लेबर का इंतज़ाम किया जाएगा। ताकि चुनावों में किसी तरह का व्यवधान न पड़े।

