पूनम मेहता, शिमला : हिमाचल प्रदेश में भी दसवीं और बारहवीं कक्षा की वार्षिक परीक्षाएं चार मई 2021 से शुरू होंगी। सीबीएसई का शेड्यूल जारी होते ही शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने हिमाचल स्कूल शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं का ऐलान कर दिया है। उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षाएं ऑफलाइन माध्यम से स्कूलों में ही ली जाएंगी।
स्कूल शिक्षकों द्वारा ही तैयार किए जाएंगे प्रश्नपत्र
15 से 30 अप्रैल के बीच प्रेक्टिकल परीक्षाएं होंगी। पहली बार प्रेक्टिकल परीक्षाओं के प्रश्नपत्र स्कूलों में ही शिक्षकों द्वारा तैयार किए जाएंगे। इसके अलावा गैर बोर्ड कक्षाओं की परीक्षाएं दस अप्रैल से शुरू होंगी। शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि वैश्विक महामारी कोरोना के कारण उत्पन्न स्थितियों को ध्यान में रखते हुए प्रदेश सरकार द्वारा यह निर्णय सीबीएसई की परीक्षा तिथियों की घोषणा तथा पिछले दिनों सरकार, हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड, अध्यापकों एवं अभिभावकों के साथ हुई चर्चा के बाद लिया गया है।
10 अप्रैल से शुरू होगी नॉन बोर्ड परीक्षाएं
शिक्षा मंत्री ने कहा कि कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए स्कूलों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। स्कूलों में भीड़ जमा न हो, इसके लिए नॉन-बोर्ड कक्षाओं की परीक्षाएं 10 अप्रैल 2021 से स्कूलों द्वारा आयोजित की जाएंगी। दसवीं एवं बारहवीं कक्षाओं की बोर्ड परीक्षाएं 4 मई 2021 से ऑफलाइन आयोजित की जाएंगी।
प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा शीघ्र जारी की जाएगी डेट शीट
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा परीक्षाओं की डेट शीट शीघ्र जारी कर दी जाएगी। प्रैक्टिकल परीक्षाएं 15 से 30 अप्रैल 2021 के बीच आयोजित की जाएंगी। इन परीक्षाओं के प्रश्न पत्र इस वर्ष स्कूलों द्वारा अपने स्तर पर तैयार किए जाएंगे। परीक्षाएं बोर्ड द्वारा निर्धारित तिथियों पर ही ली जाएंगी।


