स्पेशल डेस्क, नई दिल्ली : देश में कोरोना वैक्सीन को लेकर चल रही कवायद के बीच भारतीय औषधि महानियंत्रक (डीसीजीआई) ने भारत बायोटेक की कोवैक्सिन और एस्ट्राजेनेका और ऑक्सफोर्ड द्वारा विकसित कोविशील्ड वैक्सीन को मंजूरी दे दी है।
बता दें कि भारत के केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) की विषय विशेषज्ञ समिति ने भारत बायोटेक की कोरोना वैक्सीन ‘कोवैक्सीन’ को आपातकालीन उपयोग के लिए मंजूरी दे दी है। इससे पहले विषय विशेषज्ञ समिति ने शुक्रवार को ऑक्सफोर्ड-एस्ट्राजेनेका कोरोना वायरस वैक्सीन ‘कोविशिल्ड’ को आपातकालीन उपयोग के लिए मंजूरी दी थी।
वहीं, कोरोना वैक्सीन के पूर्वाभ्यास को लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि देशभर के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 125 जिलों में से 286 स्थलों पर वैक्सीन के पूर्वाभ्यास आयोजित किया गया जिसमें करीब 96,000 वैक्सीनेटरों को प्रशिक्षित किया गया।







