पूनम मेहता, शिमला : राजधानी शिमला में रविवार को भी बाजार खुले रहेंगे। पर्यटक सीजन के चलते प्रदेश सरकार ने रविवार को भी बाजार खोलने की मंजूरी दे दी है। जिसके चलते शहर के कारोबारी आज भी अपनी दुकान खोलेंगे। वीकेंड के आखिरी दिनों में बाहरी राज्यों से अधिकतम संख्या में सैलानी शिमला का रुख कर रहे हैं। अब शिमला पहुंचे हजारों सैलानी घूमने फिरने के साथ शॉपिंग भी कर सकेंगे। शनिवार को भी हजारों सैलानी शिमला पहुंचे हैं। यहां बर्फबारी के आसार को देखते हुए सैलानियों की आवाजाही जारी है।
कड़कड़ाती ठंड के बावजूद भी कारोबारी उत्साहित
शहर के बाजारों में भी सैलानियों की काफी भीड़ है। सैलानियों की बढ़ती आमद को देखकर कड़ाके की ठंड के बावजूद शहर के कारोबारी उत्साहित है। माल रोड पर ज्यादातर शोरूम और दुकानों में डिस्काउंट देखकर भी सैलानियों को लुभाया जा रहा है। दुकानों के अलावा खाने पीने के लिए होटल और ढाबों में भी भीड़ दिख रही है। इससे प्रदेश में कोरोना वायरस का खतरा तो बड़ा है लेकिन कारोबारियों को मुनाफा भी हो रहा है।
प्रदेश में बढ़ी गर्म कपड़ों की डिमांड
शिमला व्यापार मंडल के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह ने कहा कि सरकार की मंजूरी मिलने से शनिवार को भी शहर के बाजार खुले रहेंगे। सैलानी अपनी मनपसंद शॉपिंग कर सकेंगे। दुकानें खुली रहने से सैलानियों को खाने पीने के लिए भी भटकना नहीं पड़ेगा। कड़ाके की ठंड के चलते शहर में गर्म कपड़ों की डिमांड काफी बढ़ गई है।ज्यादातर दुकानदार अब गर्म कपड़ों का स्टॉक ही मंगवा रहे हैं।


