संवादाता, धर्मशाला: मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार बर्ड फ्लू से निपटने के लिए पूरी तरह से सजग तथा सतर्क है। इसके लिए पौंग बांध के आसपास के क्षेत्रों की पूरी निगरानी सुनिश्चित की जा रही है तथा त्वरित प्रतिक्रिया दल भी गठित कर दिए हैं।
बर्ड फ्लू की रोकथाम के लिए तत्परता से कार्य करें विभाग
धर्मशाला के कैबिनेट सभागार में शुक्रवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बर्ड फ्लू की रोकथाम की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन, पशुपालन विभाग तथा वन्य प्राणी विभाग आपसी समन्वय के साथ बर्ड फ्लू के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए तत्परता के साथ कार्य करना सुनिश्चित करें।
प्रोटोकॉल के साथ दफनाए जा रहें मृत पक्षी
उन्होंने कहा कि पौंग बांध क्षेत्र में अभी तक बर्ड फ्लू से 3410 प्रवासी पक्षियों की मौत हुई है तथा इन पक्षियों को पूरे प्रोटोकाॅल के साथ दफनाया जा रहा है, ताकि किसी भी स्तर पर संक्रमण का खतरा नहीं रहे। उन्होंने कहा कि पशुपालन विभाग तथा वन्य प्राणी विभाग की 65 टीमें पौंग बांध के आसपास के क्षेत्रों की निगरानी कर रही हैं।
बर्ड फ्लू के प्रति लोगों को किया जाए जागरूक
बर्ड फ्लू की गंभीरता को देखते हुए पशुपालन विभाग द्वारा पोल्ट्री के सेंपल भी आरडीडीएल जालंधर को जांच के लिए भेजे गए हैं। बर्ड फ्लू से बचाव के लिए लोगों को जागरूक करना भी जरूरी है तथा इसके लिए भी विभागीय अधिकारी आवश्यक कदम उठाएं।


