स्पेशल डेस्क, नई दिल्लीः भारत की बैडमिंटन स्टार साइना नेहवाल को लेकर पहले कहा जा रहा था कि वे कोरोना संक्रमित पाई गई हैं। हालांकि, अब खबर है कि बैडमिंटन स्टार की कोविड-19 रिपोर्ट गलत थी और वे बुधवार को होने वाले टूर्नामेंट में खेल सकती हैं। मीडिया रिपोर्ट्स में साइना को लेकर बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया के सूत्रों के हवाले से जानकारी दी गई है कि उनकी कोविड-19 रिपोर्ट निगेटिव है।
पहले पॉजिटिव आई थी साइना की कोरोना रिपोर्ट
BAI के मुताबिक, साइना की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव नहीं थी। जबकि इससे पहले जो रिपोर्ट सामने आई थी उसमें साइना को कोविड-19 पॉजिटिव बताया गया था जो गलत थी। बैंकॉक में साइना के अलावा एचएस प्रणय का भी कोविड-19 टेस्ट हुआ था। दोनों के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद योनेक्स थाईलैंड ओपन सुपर 1000 टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा था।
10 माह बाद मैदान में दिख सकती हैं साइना
11 जनवरी को साइना ने अपने ट्विटर अकाउंट के माध्यम से कहा था, ”मुझे अभी भी कल से कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट नहीं मिली है, यह बहुत भ्रामक है और आज मैच के लिए वार्म अप से पहले वे मुझे बैंकॉक के अस्पताल में भर्ती होने के लिए कहते हैं। यह कहते हुए कि मैं कोरोना पॉजिटिव हूं।” कोरोना वायरस के प्रकोप के बीच लगे लॉकडाउन की वजह से लंबे समय तक खेलों पर ब्रेक लग गया था। पूरे 10 माह बाद साइना एक बार फिर से मैदान पर उतरने वाली थीं कि इसी बीच उनकी उम्मीदों पर बड़ा झटका लगा जब उनके कोविड-19 पॉजिटिव होने की बात सामने आई थी और इसके बाद उन्हें बैंकॉक के हॉस्पिटल में भर्ती होने को कहा गया। हालांकि, अब वे 13 जनवरी को होने वाले टूर्नामेंट में खेलते हुए दिख सकती हैं।







