संवाददाता, शिमला: मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में शुक्रवार को आयोजित की गई हिमाचल प्रदेश कैबिनेट की बैठक में कई अहम फैसले लिए गए। कैबिनेट ने फैसला लिया है कि हिमाचल में पहली फरवरी से ग्रीष्मकालीन स्कूल खुलेंगे। स्कूलों में 5वीं और 8वीं से 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों की नियमित कक्षाएं आयोजित की जाएंगी। वहीं, शीतकालीन अवकाश वाले स्कूलों में 12 फरवरी तक अवकाश रहेगा। अवकाश के बाद 15 फरवरी से इन जिलों में भी 5वीं और 8वीं से 12वीं के विद्यार्थियों की नियमित कक्षाएं शुरू होंगी।
अन्य छात्रों की ऑनलाइन क्लासेस रहेगी जारी
हर घर पाठशाला के तहत शिक्षा के लिए ऑनलाइन प्रणाली जारी रहेगी। इसी तरह की प्रणाली राज्य में निजी स्कूलों की ओर से भी अपनाई जा सकती है। एक फरवरी से हिमाचल में आईटीआई, पॉलिटेक्निक और इंजीनियरिंग कॉलेज भी खुल जाएंगे।
प्रदेश में 8 फरवरी को खुलेंगे सभी डिग्री कॉलेज
आठ फरवरी से सभी डिग्री कॉलेजों में नियमित कक्षाएं शुरू होंगी। ग्रीष्मकालीन जिलों के स्कूलों में 27 जनवरी से शिक्षकों को नियमित तौर पर स्कूल आना होगा।सर्दियों की छुट्टियों के बाद शिक्षण संस्थानों में कोरोना को लेकर जारी एसओपी का सख्ती से पालन किया जाएगा।
मेक शिफ्ट अस्पतालों को विशेष वार्ड में तबदील करने की मंजूरी
प्रदेश में कोरोना संक्रमण के मामलों में कमी आने पर चार अस्पतालों में बनाए मेक शिफ्ट अस्पतालों को विशेष वार्ड में तबदील करने की मंत्रिमंडल की बैठक में मंजूरी दे दी गई है। इनमें आम लोगों को भी इलाज की सुविधा मिलेगी। कोविड-19 के चलते आईजीएमसी शिमला, सीएच नालागढ़, टांडा मेडिकल कॉलेज तथा चिकित्सा महाविद्यालय नेरचौक में मेक शिफ्ट अस्पताल बनाए गए थे।
अब आईजीएमसी में मेक शिफ्ट अस्पताल को मेडिसिन इंटेंसिव केयर यूनिट, टांडा मेडिकल कॉलेज में मेक शिफ्ट अस्पताल को संक्रामक रोग वार्ड, सीएच नालागढ़ में मेक शिफ्ट अस्पताल को ट्रॉमा केयर सेंटर तथा नेरचैक मेडिकल कॉलेज में मेक शिफ्ट अस्पताल को सुपर स्पेशलिटी वार्ड के रूप में उपयोग किया जाएगा।
शिमला का डीडीयू अस्पताल नॉन कोविड अधिसूचित
मंत्रिमंडल ने क्षेत्रीय अस्पताल धर्मशाला तथा दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल शिमला को नॉन कोविड अस्पताल अधिसूचित करने का निर्णय लिया। पं. जवाहर लाल नेहरू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय चंबा परिसर के शीघ्र निर्माण को निर्माण स्थल में से 28 पुराने सरकारी ढांचों को गिराने की अनुमति दी।


