संवाददाता,शिमला: देशभर के साथ हिमाचल प्रदेश में भी आज से दुनिया के सबसे बड़े टीकाकरण अभियान की शुरुआत हो गई है। प्रदेश के मुखिया जयराम ठाकुर ने आईजीएमसी अस्पताल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सम्बोधन को सुनने के बाद टीकाकरण अभियान की शुरुआत की। जिसके बाद आईजीएमसी के एमएस जनक राज को पहला टिका लगाया गया। प्रदेश में आज 27 केंद्रों में टीकाकरण की शुरुआत की गई है।
सीएम जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दी बधाई
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने टीकाकरण अभियान की शुरुआत के लिए प्रधानमंत्री को बधाई दी और प्रदेश के जल्द कोरोना मुक्त होने का दावा भी किया। प्रदेश को प्रथम चरण में कोरोना वैक्सीन की 93 हजार डोज मिलें है जिसकी शुरुआत आज से प्रदेश के 27 सेंटर में की गई। लगभग 27 सौ फ्रंट लाइन कोरोना वारियर को टीका लगाया गया।
पहले चरण में 1 लाख 35 हजार कोरोना वॉरियर्स को लगाई जाएगी वैक्सीन
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रथम चरण में लगभग 1 लाख 35 हजार कोरोना वॉरियर्स को वैक्सीन लगाई जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि दवाई को लेकर किसी प्रकार की शंका मन मे नही होनी चाहिए। देश के वैज्ञानिकों ने इसके लिए दिन रात मेहनत की है और सभी को इसका लाभ उठाना चाहिए। केवल राजनीति मकसद के लिए इस तरह का विरोध करना गलत है। सभी लोग जिनको आज वैक्सीन लगाई है वे काफी उत्साहित है।
वैक्सीनेशन के बाद 42 दिनों तक महामारी के प्रति तमाम एहतियात बरतना जरूरी
कोरोना वैक्सीन के दोनों टीके लगवाकर महामारी के प्रति तामाम एहतियात बरतना भी आवश्यक है। प्रदेश में कोरोना के मरीज़ो की संख्यां कम हो रही है और दवाई आने के बाद शीघ्र कोरोना का हिमाचल में खात्मा हो जाएगा।
वैक्सीन को लेकर भ्रामक अफवाहों से बचे : डॉ जनक राज
वहीं इस दौरान वैक्सीन के पहले लाभार्थि डॉ जनक राज ने कहा कि टीका लगवाकर उन्हें बहुत अच्छा लग रहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि कोरोना वैक्सीन को लेकर किसी भी प्रकार की भ्रामक अफवाहों का शिकार ना हो। देश व प्रदेश के सभी व्यक्तियों को कोरोना की वैक्सीन लगाने के लिए बढ़ चढ़कर आगे आना चाहिए।
जल्द ही मास्क से लोगों को मिलेगी राहत
आईजीएमसी में दूसरे नम्बर पर सफाई कर्मचारी हरदीप सिंह को टीका लगाया गया। उन्होंने इसके बाद अपना अनुभव सांझा करते हुए बताया कि उन्हें अच्छा महसूस हो रहा है और अब दवाई आने के बाद किसी को डरने की जरूरत नही है जल्द ही मास्क से लोगों को राहत मिलने वाली है।
टीकाकरण को लेकर प्रदेश में दिखा उत्साह
तीसरे लाभार्थी डॉ कपिला ने कहा कि दवाई को लेकर किसी भी प्रकार का संकोच ना किया जाए। उन्होंने कहा कि टीकाकरण के बाद मुझे अच्छा महसूस हो रहा है। पहले दवाई नही बनी थी तो इसका इंतजार किया जा रहा था और अब बन गई है तो शंकाएं शुरू हो गई है। उन्होंने कहा कि यह सुरक्षित है और इससे डरने की जरूरत नही है।


