स्पेशल, डेस्क मंडी : खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामले मंत्री राजिन्द्र गर्ग ने मंडी जिले के सलापड़ में खाद्य आपूर्ति विभाग के राशन डिपो में रिफाइंड तेल के पैकेट में पानी मिलने के मामले में जांच के आदेश दे दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी।
बता दें कि जिला मंडी के सुन्दरनगर उपमंडल के अंतर्गत सलापड़ में सरकारी डिपो से मिलने वाले रिफाइंड तेल के पैकेट से तेल की जगह पानी निकलने के बारे में सूचना प्राप्त हुई।
जिसके बाद खाद्य एवं आपूर्ति विभाग सुंदरनगर के खाद्य निरीक्षक रामस्वरूप शर्मा ने मौके पर पहुंचकर डिपो होल्डर से उपभोक्ताओं द्वारा पानी की शिकायत को लेकर वापस किए गए रिफाइंड के पैकेट में से दो के सैंपल भरकर शिमला स्थित जांच के लिए भेजे हैं। उन्होंने बताया कि तेल के पैकेट में पानी है या फिर कुछ और, यह लैब से रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।


