स्पेशल डेस्क, नई दिल्ली : राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने शनिवार को पंजाबी गायक दीप सिद्धू को प्रतिबंधित खालिस्तानी संगठन- सिख फॉर जस्टिस के खिलाफ दर्ज मामले के संबंध में भारत सरकार के खिलाफ ‘साजिश’ और ‘दुष्प्रचार’ के आरोपों के तहत तलब किया है।
बता दें कि एमी विर्क और दीप सिद्धू सहित कई पंजाबी गायक और अभिनेता किसानों के साथ एकजुटता व्यक्त करने के लिए किसान आंदोलन का हिस्सा बनते हुए दिल्ली की सीमा पर पहुंचे थे।
हालांकि, इस बीच, किसानों के बीच कई लोगों को गलत सूचना फैलाते हुए कैमरे में कैद किया गया जिन्होंने आरोप लगाया कि ‘किसानों का शोषण करने के लिए बड़े कॉरपोरेटों को कानूनों के जरिए फ्री-पास दिया गया है’ और दावा किया कि ‘न्यूनतम समर्थन मूल्य प्रणाली, कृषि सुधार कानूनों के माध्यम से खत्म हो जाएगी’।
इस दौरान, सिद्धू का चौंकाने वाला भाषण सुर्खियों में आ गया जिसमें उन्होंने किसानों को झूठ बोलते हुए दावा किया कि ‘नए कृषि कानूनों के तहत सरकार किसानों के खेत छीन लेगी।’
इससे पहले, NIA ने दीप सिद्धू के भाई मनदीप सिंह को SFJ के कानूनी सलाहकार गुरपतवंत सिंह पन्नून के खिलाफ दर्ज अन्य मामलों सहित गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम (यूएपीए) के प्रावधानों के तहत दर्ज एक मामले में, राजद्रोह, आपराधिक साजिश और अन्य आरोपों के तहत समन भेजा था। दीप सिद्धू को 17 जनवरी को नई दिल्ली में NIA मुख्यालय में पेश होने के लिए कहा गया है।
खालिस्तानियों ने की किसान प्रदर्शनों में घुसपैठ: केंद्र
केंद्र ने कई अवसरों पर आरोप लगाया है कि ‘खालिस्तानी तत्व किसानों के विरोध को हाईजैक करने का प्रयास कर रहे थे’। उनका ये संदेह सही भी निकला जब खालिस्तानी समूह SFJ ने पंजाब के किसानों के लिए 2,50,000 अमरीकी डालर के इनाम की घोषणा की जिसमें उन्हें गणतंत्र दिवस पर इंडिया गेट पर खालिस्तान झंडा फहराने के लिए कहा गया था।
प्रतिबंधित संगठन के एक बयान में लिखा था- “मोदी सरकार के कृषि सुधार विधेयकों के खिलाफ उनके प्रतिरोध को चिह्नित करने के लिए भारत की गणतंत्र दिवस की परेड की अवहेलना करने के लिए SFJ ने पंजाब के किसानों को एक समानांतर ‘केसरी’ ट्रैक्टर रैली निकालने का आह्वान किया है।” इस पर कार्रवाई करते हुए, सरकार ने खालिस्तानी संगठन की वेबसाइट को ब्लॉक कर दिया।







