संवादाता, शिमला : क्षेत्रीय अस्पताल डीडीयू के नॉन कोविड घोषित होने के बाद अस्पताल में आम मरीजों के लिए ओपीडी खोलने की तैयारियां शुरू हो गई है। ओपीडी शुरू करने से पहले अस्पताल प्रबंधन सभी वार्डो की सफाई करवाएगा। इसके अलावा अस्पताल से सैंपल लेकर उन्हें जांच के लिए लैब में भेजा जाएगा।
टेस्ट रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद शुरू की जाएगी ओपीडी
लैब से टेस्ट रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद ही इसे शुरू किया जा सकेगा। डीडीयू अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ रमेश चौहान ने इसकी पुष्टि की है।
कोरोना मरीजों के लिए बनाए गए थे 115 बिस्तर
बीते वर्ष कोरोना के मामले आने के बाद डीडीयू अस्पताल को डेडीकेटिड कोविड केयर सेंटर में तब्दील किया गया था। अस्पताल के न्यू ओपीडी ब्लॉक स्थित वार्डों में आइसोलेशन वार्ड बनाए गए थे। इसमें कोरोना मरीजों के लिए 115 बिस्तरों की व्यवस्था की गई थी। शिमला के अलावा किन्नौर, सोलन और सिरमौर से रेफर मरीज को यहां उपचार दिया जा रहा था। लेकिन अब यहां कोई भी मरीज दाखिल नहीं है।
जल्द शुरू की जाएगी ओपीडी
बीते दिन सरकार और अस्पताल प्रबंधन के साथ हुई बैठक में रिपन अस्पताल में ओपीडी सेवा शुरू करने का आश्वासन दिया गया उम्मीद जताई जा रही है कि 22 जनवरी से ओपीडी शुरू हो जाएगी। लेकिन इससे पहले अस्पताल के पूरे परिसर को सैनिटाइज किया जाएगा।

