संवाददाता, शिमला : राजधानी शिमला में नगर निगम की ओर से जनता की सुविधाओं के लिए क्या-क्या विकासात्मक कार्य करवाए जा रहे हैं। इनकी एक झलक इस बार गणतंत्र दिवस की परेड में देखने को मिलेगी।
परेड के लिए नगर निगम तैयार करवाएगा झांकी
रिज मैदान पर 26 जनवरी को होने वाली परेड के लिए नगर निगम झांकी तैयार करवा रहा है। इसमें नगर निगम की ओर से शहर में हो रहे निर्माण कार्यों की झलक दिखाई जाएगी। झांकी में बड़े-बड़े प्रोजेक्ट को दिखाने की तैयारी है।
साथ ही यह भी बताया जाएगा कि इसमें कौन-कौन से स्मार्ट सिटी, अम्रुत और नगर निगम के फंड से बन रहा हैं। स्मार्ट सिटी मिशन के तहत खरीदी मशीनों को भी दिखाया जाएगा। शहर में कई जगह बने फुट ओवर ब्रिज लिफ्ट के पास बन रहा आजीविका भवन, कृष्णा नगर में गरीबों के लिए बनाए मकान और पार्किंग आदि को दिखाया जाएगा।
विकासात्मक कार्यों को प्रदर्शित करेंगी झांकी
हर साल गणतंत्र दिवस पर नगर निगम झांकी तैयार करवाता रहा है। अतिरिक्त आयुक्त अजीत भारद्वाज ने बताया कि इस बार विकासात्मक कार्यों को प्रदर्शित करती हुई झांकी परेड में शामिल होगी।

