संवाददाता, शिमला : हिमाचल के सरकारी स्कूलों में नॉन बोर्ड कक्षाओं पहली से चौथी और छठी-सातवीं की वार्षिक परीक्षाएं 20 मार्च से पहले पूरी की जाएंगी। 31 मार्च को इनका परीक्षा परिणाम घोषित होगा। एक अप्रैल 2021 से नया शैक्षणिक सत्र शुरू किया जाएगा। शिक्षा विभाग ने जिला उपनिदेशकों को इस बाबत निर्देश जारी कर दिए हैं।
शिक्षा निदेशालय ने जारी की डेट शीट
इन कक्षाओं की परीक्षाओं के लिए जल्द ही प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय की ओर से डेटशीट जारी की जाएगी। इन नॉन बोर्ड कक्षाओं की परीक्षाएं ऑनलाइन ही होंगी। राइट टू एजुकेशन एक्ट में इन कक्षाओं में किसी भी विद्यार्थी को फेल नहीं किया जाता है। आंतरिक असेसमेंट के आधार पर उन्हें अगली कक्षा में दाखिला दिया जाता है।
20 मार्च तक होगी ऑनलाइन परीक्षाएं
प्रदेश सरकार ने इन कक्षाओं को अभी खोलने का फैसला नहीं लिया है ऐसे में बीस मार्च तक इन कक्षाओं की ऑनलाइन परीक्षा करने का फैसला लिया गया है। बीते दिनों हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में पांचवी कक्षा और आठवीं से 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए नियमित तौर पर कक्षाएं लगाने का फैसला लिया गया है।
15 फरवरी से नियमित कक्षाएं शुरू
प्रदेश के ग्रीष्मकालीन छुट्टियों वाले स्कूलों में एक फरवरी और शीतकालीन छुट्टियों वाले स्कूलों में 15 फरवरी से नियमित कक्षाएं शुरू होंगी। इन कक्षाओं की परीक्षाओं को लेकर स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से बीते दिनों संभावित डेटशीट भी जारी कर दी गई है।
चुनाव प्रक्रिया निपटी, अब सैनिटाइज होंगे स्कूल
हिमाचल में चुनाव प्रक्रिया निपटते ही अब स्कूलों में सैनिटाइजेशन अभियान शुरू होगा। 27 जनवरी से प्रदेश के ग्रीष्मकालीन छुट्टियों वाले स्कूलों में शिक्षक नियमित तौर पर आना शुरू करेंगे। इसी दिन से स्कूलों में शिक्षकों की देखरेख में सैनिटाइजेशन शुरू होगी।
30 जनवरी तक शिक्षा निदेशालय को देना होगा माइक्रो प्लान
पांचवीं और आठवीं से बारहवीं कक्षा के विद्यार्थी एक फरवरी से स्कूल आएंगे। विद्यार्थियों के आने से पहले सेनेटाइजेशन का काम पूरा किया जाएगा। उधर, सभी स्कूलों से शिक्षा निदेशालय ने 30 जनवरी तक शिक्षण कार्य शुरू करने को लेकर माइक्रो प्लान देने को भी कहा है।

