संवाददाता, शिमला : हिमाचल प्रदेश अपनी स्थापना के 50 वर्ष पूरे करने जा रहा है। 50 साल के इस सफर को स्वर्ण जयंती के रूप में मनाने जा रहा है। हिमाचल तब व हिमाचल अब पर वर्षभर समारोह आयोजित किए जाएंगे। 25 जनवरी 1971 को हिमाचल प्रदेश में 30 छोटी बड़ी रियासतों को मिलाकर पूर्ण राज्यत्व का दर्जा दिया गया था।
दुल्हन की तरह सजाया जा रहा ऐतिहासिक रिज मैदान
25 जनवरी को लेकर शिमला में तैयरियाँ युद्ध स्तर पर चल रही है। ऐतिहासिक रिज मैदान को दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है। इस समारोह में गृह मंत्री अमित शाह व भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित सांसद शिरकत करेंगे।
साल भर आयोजित किए जाएंगे 51 बड़े कार्यक्रम
हिमाचल स्वर्ण जयंती समारोह के तहत साल भर 51 बड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे ताकि वर्तमान पीढ़ी को हिमाचल की विकास गाथा के बारे में जानकारी मिल सके।
अमित शाह और जेपी नड्डा होंगे मुख्य अतिथि
रिज मैदान पर आयोजित किए जा रहें हिमाचल स्वर्ण जयंती समारोह पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश 50 साल के इस सफर को स्वर्ण जयंती के रूप में मनाने जा रहा है। इस शुभ अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह व भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा बतौर मुख्य अतिथि पधारेंगे।
ग्रामीण स्तर तक चलाई जाएगी स्वर्णिम रथ यात्रा
उन्होंने कहा कि स्वर्णिम रथ यात्रा ग्रामीण स्तर तक जाएगी। नए चुने हुए पंचायत प्रतिनिधियों व निगम के चुने हुए प्रतिनिधियों को भी इस कार्यक्रम से जोड़ा जाएगा। प्रशिक्षण में हिमाचल के बारे मे उनको जानकारी दी जाएगी। वहीं नई पीढ़ी को हिमाचल के बारे में जानकारी देने के लिए शिक्षण संस्थानों में प्रतियोगिताएं आयोजित करवाई जाएगी।
सम्मानित किए जाएंगे कई लोग
साथ ही साथ जिन लोगों ने हिमाचल के लिए अलग से काम किया है उनको सम्मानित किया जाएगा। मेलों में खासकर अंतराष्ट्रीय मेलों में एक दिन हिमाचल तब व हिमाचल अब पर कार्यक्रम होंगे। हिमाचल के लोकसभा, राज्यसभा से लेकर विधायक रहे लोगों को भी सम्मानित किया जाएगा।
25 जनवरी 1971 को मिला पूर्ण राज्य का दर्जा
18 दिसंबर 1970 को हिमाचल प्रदेश एक्ट पास किया गया। 25 जनवरी 1971 को हिमाचल को पूर्ण राज्य का दर्जा मिला। 25 जनवरी 1971, यह वही दिन था जब हिमाचल को पूर्ण राज्य के रूप में एक अलग पहचान मिली थी। इसी दिन हिमाचल देश का 18वां राज्य बना था। जिसकी घोषणा तत्कालीन प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी ने इसी रिज मैदान से की थी।
प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री रहे डॉ यशवंत सिंह परमार
डॉ यशवंत सिंह परमार प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री रहे। उसके बाद राम लाल ठाकुर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे, वीरभद्र सिंह 6 बार, शांता कुमार 2 बार और प्रेम कुमार धूमल ने 2 बार बताओ मुख्यमंत्री काम किया है। वर्तमान में हिमाचल की कमान जयराम ठाकुर के हाथ में है।

