संवाददाता, शिमला : पूर्ण राजत्व दिवस पर सोमवार को होने वाले स्वर्ण जयंती समारोह के लिए प्रशासन ने ट्रैफिक प्लान तय कर दिया है। रिज मैदान पर जिस समय कार्यक्रम आयोजित होगा उस दौरान स्कैंडल पॉइंट से लेकर रिज मैदान सुरक्षा की दृष्टि से सील रहेगा।
स्थानीय लोगों व सैलानियों की आवाजाही पर छूट
हालांकि कार्यक्रम के दौरान भी मॉल रोड पर स्थानीय लोगों और सैलानियों को आवाजाही की पूरी छूट रहेगी। कार्यक्रम के दौरान वीआईपी मूवमेंट शुरू होने पर बड़ी गाड़ियों का प्रवेश रोका जाएगा।
ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए 6 सेक्टरों में बटी राजधानी
राजधानी में ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए शहर को 6 सेक्टरों में बांटा गया है। प्रत्येक सेक्टर पर एक पुलिस अधिकारी को तैनात किया जाएगा। कार्यक्रम में भाग लेने के लिए ऊपरी शिमला और करसोग की ओर से आने वाले छोटे वाहन तथा बसें ढली, संजौली बाईपास पर पार्क होगी।
चिन्हित पार्किंग स्थल पर पार्क किए जाएंगे वाहन
शोघी, सोलन, बिलासपुर, मंडी सड़क से आने वाले वाहनों को टूटीकंडी क्रॉसिंग पार्किंग में खड़ा किया जाएगा। कार्यक्रम में भाग लेने के लिए आने वाले लोगों के वाहन लिफ्ट पार्किंग के पास लोगों को उतार सकेंगे और उसके बाद चिन्हित पार्किंग स्थल पर वापस लौट जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान एंबुलेंस रूट बदले
कार्यक्रम के दौरान सभी एंबुलेंस रूट बहाल रहेंगे। रिज मैदान से आईजीएमसी जाने वाली एंबुलेंस रोड के लिए शैलेटड डे चौक से जोधा निवास होते आईजीएमसी सड़क को एंबुलेंस रूट बनाया गया है ।

