स्पेशल डेस्क, नई दिल्ली : दिल्ली पुलिस ने 26 जनवरी को ट्रैक्टर परेड के लिए अनुमति दे दी है। पुलिस के साथ आंदोलनकारी यूनियनों की बैठक के बाद किसान नेता अभिमन्यु कोहाड़ ने यह दावा किया। राजधानी दिल्ली में 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस पर किसानों के ट्रैक्टर परेड को हरी झंडी मिल गई है। पुलिस के साथ आंदोलनकारी यूनियनों की बैठक के बाद किसान नेता अभिमन्यु कोहाड़ ने यह दावा किया।
5 रूटों पर रैली निकालने की सहमति
किसान संगठनों के प्रतिनिधियों व पुलिस के बीच हुई बैठक के बाद 5 रूट पर रैली निकालने पर सहमति बनी है। इसमें टिकरी, सिंघु, गाजीपुर, पलवल व शाहजहांपुर सीमा से बाहरी दिल्ली के करीब 100 किलोमीटर के दायरे में ट्रैक्टर निकाले जाएंगे। किसानों को परेड के बाद राजधानी में कहीं भी रुकने की अनुमति नहीं होगी उन्हें वापस अपने धरना स्थलों पर लौटना होगा।
ट्रैक्टर परेड होगी ऐतिहासिक : संयुक्त किसान मोर्चा
शांति व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिक दायित्व होगा। संयुक्त किसान मोर्चा ने दावा किया है कि ट्रैक्टर परेड ऐतिहासिक होगी। योगेंद्र यादव ने कहा अलग-अलग राज्यों से जितने भी ट्रैक्टर पहुंच रहे हैं सभी को शामिल किया जाएगा। सिंघु, गाजीपुर, टिकरी, पलवल और शाहजहांपुर बॉर्डर से ट्रैक्टरों के प्रवेश के लिए 5 रूट तय है। इनमें 80 फ़ीसदी रूट तय हो चुके हैं शेष रूटों के लिए रविवार को सभी पहलुओं को देखते हुए घोषणा की जाएगी।







