संवाददाता, शिमला : गणतंत्र दिवस मनाने हिमाचल प्रदेश में पर्यटकों की भीड़ उमड़ी है। दिल्ली से शिमला आने वाली एचआरटीसी की वोल्वो बसें और कालका से शिमला आने वाली टॉय ट्रेन एडवांस बुकिंग हो चुकी है। शिमला मनाली के होटल 26 जनवरी तक पैक हो चुके हैं। शनिवार से मंगलवार तक छुट्टियों के चलते पर्यटकों ने पहाड़ों का रुख कर लिया है।
हिमाचल प्रदेश के ऊपरी इलाकों कुल्लू-मनाली, लाहौल-स्पीति, चंबा, धर्मशाला की धौलाधार पर्वत श्रृंखला में बर्फबारी हो रही है। पर्यटन स्थल मनाली के होटल में 90 से 100 फ़ीसदी टक ऑक्युपेंसी चल रही है। यहां छोटे और मझोले होटल भी 70 फ़ीसदी तक पैक हैं।मणिकरण जिभी और तीर्थ घाटी में भी सैलानियों की चहल कदमी बढ़ गई है। सोलंग नाला कोठी गुलाबा और अटल टनल के साउथ पोर्टल व धुंधी में शनिवार रात ताजा बर्फबारी से पर्यटन को गति मिलेगी।
विंटर सीजन में पर्यटकों को लुभाने के लिए होटलियरों की ओर से आकर्षक पैकेज दिए जा रहे हैं। पर्यटन नगरी के होटलों में कमरों की बुकिंग पर 40% तक छूट दी जा रही है। सोलंगनाला व नेहरूकुंड में सैलानियों ने स्कीइंग स्नो स्कूटर घुड़सवारी पैराग्लाइडिंग का जमकर लुत्फ उठाया। उधर राजधानी शिमला के रिज मैदान मॉल रोड के अलावा कुफरी नारकंडा मशोबरा और नालदहरा में भी रविवार को सैलानियों की भारी भीड़ उमड़ी।
होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन शिमला के अध्यक्ष संजय सूद ने बताया कि विंटर पर बड़ी संख्या में सैलानी शिमला पहुंचे हैं। रविवार को काट रोड पर स्थित इस शहर की सबसे बड़ी लिफ्ट पार्किंग दोपहर 1:00 बजे पैक हो गई थे। देर शाम तक करीब 10 हजार लोगों ने मॉल रोड जाने के लिए पर्यटन निगम की लिफ्ट का इस्तेमाल किया।


