शिमला। राजधानी शिमला स्थित उत्कृष्ट शिक्षा केंद्र राजकीय महाविद्यालय संजौली में आज दिनांक 20 फरवरी 2021 को 2020-21 सत्र में महाविद्यालय में प्रविष्ट हुए नए विद्यार्थियों के लिए औपचारिक परिचय सत्र के प्रथम भाग का आयोजन किया गया। महाविद्यालय सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में कला संकाय के प्रथम वर्ष के उन सभी विद्यार्थियों ने भाग लिया जिनके रोल नंबर सम संख्या में हैं, जबकि विषम संख्या में रोल नंबर वाले विद्यार्थियों के लिए ऐसा ही परिचय सत्र सोमवार 22 फरवरी 2021 को आयोजित किया जाएगा। लगभग 500 विद्यार्थियों की क्षमता वाले सभागार में आज बुलाए गए लगभग 170 विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ चंद्र भान मेहता ने सभी नवागंतुकों का उत्कृष्ट परिवार का अहम सदस्य बनने पर स्वागत किया। प्राचार्य ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें समाज में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देने के लिए भी प्रेरित किया। डॉ मेहता ने कहा कि उत्कृष्टता की बुलंदियां अनुशासन, कड़ी मेहनत एवम् समाज कल्याण की समर्पित भावना की नींव पर सदैव अडिग रहने वाले पात्र व्यक्ति ही हासिल करते हैं। कार्यक्रम में नवागंतुकों से उनके सभी अध्यापकों का औपचारिक परिचय करवाया गया। उससे पहले वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ राम लाल शर्मा ने सभी विद्यार्थियों को उनके तीन वर्षो के सम्पूर्ण कोर्स, चॉइस बेस्ड क्रेडिट सिस्टम एवम् राष्ट्रीय नवीन शिक्षा नीति पर पीपीटी के माध्यम से विस्तारपूर्वक जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन डॉ कामायनी बिष्ट ने किया।
कोविड19 के कारण स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक दिशा निर्देशों का पालन करते हुए महाविद्यालय प्रशासन द्वारा परिचय सत्र को अनेक भागों में बांटा गया है। गौरतलब है की वर्तमान सत्र में कोविड संकट के कारण अधिकतर समय अध्यापक विद्यार्थियों से केवल ऑनलाइन माध्यम द्वारा ही संवाद कायम कर सकें, और अब जैसे ही महाविद्यालय विधिवत रूप से खुले, तो एक औपचारिक एवम् व्यक्तिगत परिचय सत्र का आयोजन किया जाना अपरिहार्य था।

