हिमाचल प्रदेश में गुरुवार को कॉलेज के 16 विद्यार्थियों समेत 65 लोगों के कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है हालांकि किसी कोरोना पॉजिटिव मरीज की मौत नहीं हुई है जोकि राहत की बात है। इंदौरा कॉलेज में एक साथ 16 मामले आने के बाद अब अन्य विद्यार्थियों व शिक्षकों के लिए भी सैंपल लिए जाएंगे। सभी संक्रमित विद्यार्थियों को आइसोलेट कर दिया गया है। कांगड़ा जिले में 20, ऊना 10, सोलन 11, सिरमौर आठ, बिलासपुर चार, हमीरपुर आठ, शिमला दो, मंडी और कुल्लू में एक-एक नया मामला आया है। जिला कांगड़ा में बौद्ध भिक्षुओं के बाद अब कॉलेज के विद्यार्थी कोरोना संक्रमण का शिकार होना शुरू हो गए हैं। बात करें प्रदेश में करोना की स्थिति की तो प्रदेश भर में गुरुवार को कोरोना की जांच के लिए 6584 लोगों के सैंपल लिए गए। इनमें से 6307 की रिपोर्ट निगेटिव और 233 सैंपलों की रिपोर्ट आनी है। इसके अलावा जिले में 12 अन्य लोग संक्रमित हुए हैं। इसके साथ ही प्रदेश के कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 59942 पहुंच गया है। सक्रिय मामले अब 540 हो गए हैं। अब तक 57406 संक्रमित ठीक हो चुके हैं और 983 की मौत हुई है। बिलासपुर में कोरोना के सक्रिय केसों की संख्या 33 , चंबा सात, हमीरपुर 16, कांगड़ा 241, किन्नौर आठ, कुल्लू 15, मंडी 19, शिमला 45, सिरमौर 44, सोलन 52 और ऊना जिले में 60 है।


