हमीरपुर के राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान में विज्ञान भारती संस्था द्वारा आयोजित विद्यार्थी विज्ञान मंथन 2020-21 कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि उपस्थित वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रो० प्रेम कुमार धूमल ने होनहार विद्यार्थियों को पुरस्कार बांटे और इस मौके पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए प्रोफ़ेसर प्रेम कुमार धूमल ने विज्ञान भारती की तारीफ करते हुए कहा कि ” विद्यार्थी जीवन में ही बच्चों में विकसित हुआ वैज्ञानिक दृष्टिकोण माँ भारती को परम् वैभव तक पहुंचाएगा। जो काम समाज में बहुत पहले प्रारम्भ हो जाना चाहिए था वो काम कुछ वर्षों से विज्ञान भारती संस्था कर रही है, मैं उनको साधुवाद देता हूँ “, इस मौके पर मौजूद विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए और पुरस्कृत विद्यार्थियों को बधाई देते हुए प्रोफ़ेसर प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि वर्षों की गुलामी के बाद हम लोग इतनी हीन भावना से ग्रस्त हो गए कि स्वतंत्र भारत के शासकों ने राम सेतु को काल्पनिक बताने वाला हलफ़नामा अदालत में दे दिया, जबकि सच्चाई तो यह है कि विश्व भर में वह हमारे पूर्वज प्रभु श्रीराम थे जिन्होंने समुद्र पर ही पुल बना दिया था, जिसे हम राम सेतु के नाम से जानते हैं। हमारे पूर्वजों ने रामायण काल में पुष्पक विमानों जैसे आवागमन के हवाई साधन बना लिए थे। यह हमारा गौरवमयी इतिहास है, आज की पीढ़ी को अपना इतिहास जान कर उससे प्रेरणा लेनी चाहिए, जिससे वह अपना आत्मविश्वास बढ़ाएंगे और अंततः देश को आगे ले जाने में योगदान देंगे। डॉ श्यामा प्रशाद मुखर्जी ने कहा था जो लोग अपना इतिहास नहीं जानते, वह कभी उस पर गर्व महसूस नहीं कर सकते और न ही उनमें आत्मविश्वास पैदा होगा तो वह राष्ट्र कैसे आगे बढ़ा सकेंगे।


