शिमला। प्रदेश में जैसे-जैसे कोरोना संक्रमण के मामलों में वृद्धि होती जा रही है उसके कारण प्रदेश में एक बार फिर सब ठप हो गया है और सरकार की ओर से आगमी 10 तारीख़ से पूरे प्रदेश में सख्ती बढ़ा दी गई है। इस कोरोना से न केवल उद्योग धंधे प्रभावित हुए बल्कि बड़ी संख्या में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुटे युवा भी इससे प्रभावित हुए हैं। इस बीच अब हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग ने भी स्टाफ नर्स, जूनियर इंजीनियर, डेवलपमेंट ऑफिसर, अकाउंटेंट समेत अन्य सभी पदों के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब इच्छुक व योग्य उम्मीदवार 20 मई 2021 तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को HPPSC की आधिकारिक वेबसाइट hpsssb.hp.gov.in पर जाना होगा। आपको बता दें कि इसके पहले आवेदन की अंतिम तिथि 09 मई निर्धारित की गई थी। मगर कोरोना के कारण राज्य में भी स्थिति बिगड़ी हुई है इसको देखते हुए आयोग की ओर से आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। आयोग की ओर से इस भर्ती प्रक्रिया के जरिए कुल 379 पदों को भरा जाना है जिसमें स्टॉफ नर्स के 90 पद, फार्मासिस्ट के 100, डेवलपमेंट ऑफिसर के 02, मेंटेनेंस सुपरवाइजर का 01 और अकाउंटेंट के 02 पद, जूनियर इंजीनियर सिविल के 05 और इलेक्ट्रिशियन के 02,जूनियर ऑफिसर असिस्टेंट के 23 पदों के अलावा जूनियर इंजीनियर सिविल के 06, स्टेनो टाइपिस्ट के 03 और लेबोरेटरी असिस्टेंट के 06 पद भरे जाने है।
हालंकि जिन पदों के लिए आयोग की ओर से आवेदन जारी किए गए हैं इन पर परीक्षाएं कब होनी है इसको लेकर अभी कुछ भी साफ नहीं है। और प्रदेश में कोरोना के फैलते हुए संक्रमण को देखते हुए लगता है कि इसमें समय लग सकता है।

