धर्मशाला: प्रदेश भाजपा की दूसरे दिन की बैठक में प्रदेश भाजपा के पार्टी पदाधिकारियों के साथ-साथ भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष और भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह के अलावा प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना भी धर्मशाला पहुंचे हैं। मगर एक लंबे अरसे के बाद एक ही तस्वीर में भाजपा सरकार के दोनों पूर्व मुख्य मंत्री प्रो प्रेम कुमार धूमल, और पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार वर्तमान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के साथ नजर आए। पिछले दिनों शिमला में जब भाजपा बैठक हुई थी तो उससे पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार नदारद थे जिसको लेकर लोगों ने अलग-अलग कयास लगाए और इसे पार्टी के अंदर की गुटबाजी से जोड़ कर भी देखा गया। मगर अब पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार, प्रेम कुमार धूमल और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर तीनों इस बैठक में मौजूद रहे। और इसकी एक तस्वीर प्रदेश भाजपा के सह प्रभारी संजय टंडन ने अपने ट्विटर अकाउंट से साझा भी की।
हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री @shantakumarbjp जी एवं @DhumalHP जी और हिमाचल भाजपा के वरिष्ट नेतृत्व भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री @saudansinghbjp, प्रदेश प्रभारी श्री @ImAvinashKhanna और हिमाचल के मुख्यमंत्री श्री @jairamthakurbjp जी के साथ । pic.twitter.com/nVIQ25QolW
— Sanjay Tandon 🇮🇳 (@SanjayTandonBJP) June 26, 2021
इसके अलावा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप की अध्यक्षता में हो रही इस बैठक में केंद्रीय राज्य वित्त मंत्री अनुराग ठाकुर के अलावा प्रदेश सह प्रभारी संजय टंडन उपस्थित रहे।
उपचुनावों को लेकर राजनैतिक दलों में तैयारियां शुरू
हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में प्रदेश भाजपा की दो दिवसीय बैठक का आज दूसरा दिन है, और ज़ाहिर तौर पे प्रदेश भाजपा के सभी बड़े नेता इस बैठक में अपनी उपस्थिति दर्ज करवा रहे हैं। कुछ ही समय में प्रदेश में उपचुनाव होने है ऐसे में प्रदेश के दोनों बड़े राजनैतिक दलों भाजपा और कांग्रेस में बैठकों और पार्टी अधिकारियों के दौरों का दौर भी जारी है। स्वभाविक रूप से आगामी उप-चुनावों को लेकर रणनीतियां बननी शुरू हो गई हैं और ऐसे में पार्टी के प्रमुख और बड़े नेता लंबे समय के बाद का इन बैठकों में एक साथ नज़र आ रहे हैं।







