केलांग: हिमाचल प्रदेश में जल्द ही उप चुनाव होने जा रहे हैं और इसको देखते हुए प्रदेश में सियासी हलचल भी जारी है। इसी कड़ी में हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के सह-प्रभारी संजय दत्त हिमाचल आए हुए हैं, जो इन दिनों मंडी लोकसभा सीट के दौरे पर हैं।
इसी बीच आज मंगलवार की दोपहर प्रदेश कांग्रेस के सह-प्रभारी संजय दत्त कुल्लू पहुंचे , जहां से उन्होंने प्रदेश के सबसे बड़े जिले लाहौल स्पीति का दौरा किया। आज लाहौल-स्पीति जिले के केलांग में प्रदेश कांग्रेस के सह-प्रभारी संजय दत्त जिले के पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुखातिब हुए। इस मुलाकात के दौरान पूर्व विधायक रवि ठाकुर, सुंदर ठाकुर सहित महेश्वर पांडू भी मौजूद रहे। इस मौके पर कांग्रेस प्रदेश सह-प्रभारी संजय दत्त ने संगठनात्मक कार्यक्रमों का निरीक्षण किया और क्षेत्रीय स्तर पर पार्टी के प्रदर्शन को लेकर थाने कांग्रेस नेताओं से विचार विमर्श किया।







