हमीरपुर: हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल ने तिरंगा लहराने को लेकर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को दी गई धमकी की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि कुछ देश विरोधी शक्तियों द्वारा हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को धमकी दी गई है कि उनके द्वारा 15 अगस्त को तिरंगा लहराने नहीं देंगे, हम इस धमकी की निंदा करते हैं। सारा देश और सारी दुनिया तिरंगे के महत्व को अच्छी तरह समझते हैं। 15 अगस्त को तिरंगा बड़ी शान से लहराएगा और हमारे मुख्यमंत्री को तिरंगा लहराने से कोई नहीं रोक सकता। ऐसी धमकियां अक्सर देते रहते हैं मगर मुख्यमंत्री को कोई नहीं रोक सकता और सारा प्रदेश उनके साथ खड़ा है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगे के महत्व को सारा देश जानता है सारी दुनिया जानती है। कश्मीर के भी एक नेता ने कहा था कि अगर कश्मीर से धारा 370 हटाएंगे तो कश्मीर घाटी में तिरंगा उठाने वाला एक व्यक्ति भी नहीं मिलेगा। लेकिन 26 जनवरी को सारे कश्मीर में हर पंचायत में तिरंगा फहराया गया और अब 15 अगस्त को भी फहराया जाएगा। ऐसी धमकियों से केवल माहौल खराब करने की कोशिश की जाती है, जिसकी हम निंदा करते हैं। उन्होंने कहा कि तिरंगा पूरी शान के साथ लहराता रहेगा। 15 अगस्त को प्रदेश में मुख्यमंत्री तिरंगा लहराएंगे और सलामी लेंगे।






