शिमला: हिमाचल प्रदेश विधानसभा का मॉनसून सत्र जारी है और इसी बीच मंगलवार को हिमाचल सरकार मंत्रिमंडल बैठक मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस बैठक के एक अहम निर्णय के मुताबिक जयराम सरकार अब बुलेट प्रूफ गाड़ियां खरीदने की तैयारी में है। बीते दिनों खालिस्तानी समर्थकों की तरफ से दी गई धमकी के मद्देनजर यह फैसला लिया गया है। बैठक में इस संबंध में नियम तैयार करने की प्रक्रिया को मंजूरी दे दी गई है, साथ ही प्राप्त जानकारी के मुताबिक इन बुलेट प्रूफ गाड़ियों में से एक मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के काफिले में शामिल होगी। इसके अलावा कैबिनेट ने निजी सुरक्षा विधेयक को सदन में पेश करने की भी अनुमति दी।
इसके अलावा इस बैठक में कई अन्य अहम निर्णय भी लिए गए। आगामी 9 से 15 अगस्त तक स्वच्छ भारत अभियान के तहत स्वच्छ हिमाचल स्वस्थ हिमाचल अभियान शुरू की जाएगी। तो वहीं केंद्र की ओर से जीएसटी लागू करने में किए गए संशोधन प्रदेश में भी लागू होंगे और इसके लिए विधेयक मानसून सत्र में ही पेश होगा।
मंगलवार को मंत्रिमंडल की बैठक में चौपाल क्षेत्र के सौ बिस्तरों के अस्पताल के लिए डॉक्टरों और पैरा मेडिकल स्टाफ के 45 पद भरने का भी निर्णय किया गया। इसके अलावा जिला शिमला के बड़ा गांव के स्कूल का नाम शहीद सतीश कुमार वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल और बिलासपुर के बेहड़ी स्कूल का नाम शहीद प्रताप सिंह वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल रखने का फैसला लिया गया।
इसके अतिरिक्त जिला किन्नौर की सबसे ऊंची 20,700 फीट की चोटी के नामकरण पर कोई फैसला नहीं हो पाया। कैबिनेट ने इसका नाम अंग्रेजी में रखने पर आपत्ति जताई है। इसका नाम स्थानीय भाषा या हिंदी के अलावा माउंट एवरेस्ट फतह करने वाले किसी हिमाचली के नाम पर रखने की सिफारिश की है। साथ ही इसी बैठक में अगली बैठक के समय का भी निर्णय लिया गया। जहां मंत्रिमंडल की अगली बैठक अगले हफ्ते होनी तय की गई है।






