शिमला: ऑल इंडिया एंटी टेरेरिस्ट फ्रंट के चीफ एमएस बिट्टा जो देश भर में जिंदा शहीद के नाम से मशहूर है, आगमी 3 से 4 अगस्त को शिमला प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान एमएस बिट्टा 3 अगस्त को सोलन पहुंचेंगे और पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस सोलन में दोपहर 1 बजे पिछले दिनों खालिस्तान द्वारा हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री को तिरंगा न फहराने देने की दी गई धमकी के मसले पर अपने विचार प्रकट करेंगे।
AIATF चीफ मनजिंदर सिंह बिट्टा ने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर झंडा न फहराने देने की मिली धमकी का कड़ा एतराज जताते हुए कहा कि कोई भी शक्ति मुख्यमंत्री को तिरंगा फहराने से नहीं रोक सकती। एम.एस. बिट्टा ने खालिस्तानियों को चुनौती देते हुए कहा कि खालिस्तान का सपना न कभी पूरा हुआ है, न कभी होगा। बिट्टा ने कहा कि मां भारती के सपूत न किसी से डरे हैं और न ही कभी किसी से डरेंगे। बिट्टा ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के साथ न केवल हिमाचल प्रदेश बल्कि पूरा देश कंधे से कंधा मिला कर खड़ा है।
मनजिंदर सिंह बिट्टा का हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और हिमाचल पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू से मिलने का कार्यक्रम भी संभावित है। मगर फिलहाल तय कार्यक्रम के अनुसार जिंदा शहीद मनजिंदर सिंह बिट्टा सोलन के 3 अगस्त की शाम 04:30 बजे हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की दुखद मृत्यु पर शोक संतप्त व्यक्त करने उनकी धर्म पत्नी प्रतिभा सिंह और पुत्र विक्रमादित्य सिंह से उनके निजी आवास हॉलीलॉज में मुलाकात करेंगे।






