टौणीदेवी: देश में टीकाकरण जारी है और केंद्र सरकार अधिक से अधिक लोगों के टीकाकरण को निरंतर गतिशील रखने की बात भी कहती है। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक भारत ने 1 दिन में सर्वाधिक एक करोड़ से ज्यादा टीके लगाने का नया कीर्तिमान स्थापित किया है। सरकार की इस उपलब्धि पर प्रतिक्रिया देते हुए हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रोफ़ेसर प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के विज्ञानिकों, डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ और कोरोना वारियर्स ने शानदार काम किया है। देश में 1 दिन में एक करोड़ लोगों को वैक्सीन लगाने का जो नया कीर्तिमान स्थापित हुआ है, वह पूरे देश के लिए गर्व की बात है, इस कार्य को करने के लिए देशभर के इंजीनियर, डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ तथा कोरोना वारियर्स और देश के लोग जिन्होंने इस अभियान को सफल बनाने में सहयोग किया है, सभी बधाई के पात्र हैं,
उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश से अभी संक्रमण पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है, इसलिए निर्धारित मापदंडों का पूरा प्रयोग करें सुरक्षित रहने के लिए जो नियम बनाए गए हैं उनकी पूरी तरह पालना करें। उन्होंने कहा कि आने वाले कुछ महीनों में देश में पात्र लोगों को डबल वैक्सीन लगाने का कार्य भी पूरा हो जाएगा, जो देश के लिए गर्व की बात है। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में पूरे देश के लोगों को निशुल्क वैक्सीन लगाने का जो कार्य किया जा रहा है वह काबिले तारीफ है। देश और देश में रहने वाले लोग सुरक्षित होंगे तो भारत एक सशक्त देश बनेगा। इसलिए नियमों की पालना करें मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग मेंटेन रखें, खुद भी सुरक्षित रहें और उनको भी सुरक्षित रखें।







