न्यूज़ डेस्क: बीते 27 अगस्त की रात जम्मू-कश्मीर के एयरफोर्स स्टेशन पर रात के तकरीबन 1:37 के आसपास धमाके की आवाज ने हड़कंप मचा दिया। सिलसिला यहीं नहीं थमा और ठीक 5 मिनट के बाद यानी लगभग 1 बजकर 42 मिनट पर दूसरा धमाका हो गया. जम्मू कश्मीर के इस एयर फोर्स स्टेशन पर हुए बम हमले के बाद इसकी जांच पड़ताल से सामने आई जानकारी के अनुसार आतंकवादियों ने इस धमाके की साजिश को मानवरहित वायु यान यानी एक ड्रोन की मदद से अंजाम दिया और अच्छी खबर यह रही इस हमले में किसी के भी हताहत होने की कोई खबर सामने नहीं आई।
इस घटना के तीसरे दिन आज न्यूज़ एजेंसी ANI से बातचीत के दौरान भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर जिस बड़े पैमाने पर काम चल रहा है वह अपने आप में अभूतपूर्व है। सुरक्षा से जुड़े हर विभाग के बीच एक बहुत अच्छा तालमेल देखने को मिल रहा है। इसके अलावा राजनाथ सिंह जम्मू कश्मीर में हुई घटना का जिक्र करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर कुछ नए खतरे भी सामने आए हैं, जो आधुनिक तकनीक के विकास के कारण देखने को मिले हैं। जम्मू में एयरफोर्स स्टेशन की घटना ने इस तरफ हम सबका ध्यान आकर्षित किया है। हमें राष्ट्रीय सुरक्षा तंत्र को नई चुनौतियों के लिए लगातार अपडेट और अपग्रेड करते रहना है। आगे कहते हुए उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा की दृष्टि से चाहे बाह्य सुरक्षा हो या आन्तरिक सुरक्षा या फिर कूटनीतिक मोर्चे पर भारत के सामरिक हितों की रक्षा और उन्हें मजबूती देने का काम हो, हम हर मोर्चे पर भारत की एकता, अखण्डता और सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।







