टौणीदेवी: हिमाचल प्रदेश के ऊना ज़िले के रहने वाले निषाद कुमार ने तोक्यो में चल रहे पैरालंपिक में ऊंची छलांग प्रतियोगिता में सिल्वर मेडल जीत कर भारत की झोली में एक और पदक डाल कर पूरे देश को गौवान्वित किया। निषाद कुमार के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के कद्दावर नेता प्रेम कुमार धूमल ने निषाद कुमार व उनके परिवार को बधाई देते हुए कहा कि इस बार भले ही निषाद कुमार ने सिल्वर मेडल जीता हो, लेकिन मुझे विश्वास है कि वह अगली बार गोल्ड मेडल ले कर आएंगे। प्रोफेसर धूमल ने कहा कि साधारण परिवार से संबंध रखने वाले निषाद कुमार की उपलब्धि वाक़ई में बहुत शानदार है। निषाद कुमार ने अपना, अपने परिवार का व हिमाचल प्रदेश का सम्मान बढ़ाया है।
प्रोफेसर धूमल ने कहा कि टोक्यो में इन दिनों आयोजित पैराओलंपिक्स खेलों में रविवार को हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला के छोटे से गांव के साधारण परिवार से संबंध रखने वाले निषाद कुमार ने ऊंची छलांग प्रतियोगिता में सिल्वर मेडल जीत के एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है, उनकी उपलब्धि इसलिए भी बड़ी है, क्योंकि जैसे पता चला है कि घास काटते वक्त निषाद कुमार अपना एक बाजू गवा चुके हैं। उन्होंने कहा कि निषाद कुमार को देखकर लगता है कि वीरभूमि हिमाचल प्रदेश के युवा खेलों में भी किसी से कम नहीं है। पूर्व मुख्यमंत्री ने हिमाचल प्रदेश सरकार का निषाद कुमार को इनाम के तौर पर एक करोड़ रुपए देने के लिए भी धन्यवाद व्यक्त किया है।

