नई दिल्ली: आमतौर पर चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया के कोर्ट रूम में होने वाला न्यायाधीशों का शपथ ग्रहण समारोह, इस मर्तबा उच्चतम न्यायालय के नव निर्मित भवन के सभागार में हुआ। 900 लोगों की क्षमता वाले इस सभागार में देश के इतिहास में पहली बार एक साथ 9 नए न्यायाधीशों ने शपथ ली।
चीफ जस्टिस एनवी रमना ने आज सुबह सभी 9 न्यायाधीशों को पद की शपथ दिलाई। बताते चलें जिन 9 लोगों ने आज सुप्रीम कोर्ट के जज के पद की शपथ ली, उनमें से 8 हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस या जज रहे हैं और उनके अलावा एक वरिष्ठ वकील को भी सीधे सुप्रीम कोर्ट के जज के रूप में नियुक्त किया गया है। साथ ही इस शपथ ग्रहण समारोह में खास बात यह भी रही कि पहली बार न्यायाधीशों के शपथ ग्रहण कार्यक्रम का दूरदर्शन पर सीधा प्रसारण भी किया गया.
सुप्रीम कोर्ट के नए न्यायधीशों में जस्टिस ए एस ओका, जस्टिस विक्रम नाथ, जस्टिस जे के माहेश्वरी, जस्टिस हिमा कोहली, जस्टिस बी वी नागरत्ना, जस्टिस बेला त्रिवेदी, जस्टिस सी टी रविंद्रकुमार, जस्टिस एम एम सुंदरेश और वरिष्ठ वकील पी एस नरसिम्हा शामिल हैं। इसके अलावा खास बात यह भी कि शपथ लेने वाले लोगों में 3 महिला जज भी शामिल है जो एक साथ शपथ लेने वाले न्यायधिशों में अब तक की सबसे बड़ी संख्या है

