रिकांगपिओ: दुबई में 20 अगस्त से आरम्भ हुई एशियन यूथ एंड जूनियर बॉक्सिंग चैंपियनशिप का अंतिम चरण भारत के लिए सोना बन कर आया है। ASBC एशियन यूथ एंड जूनियर बॉक्सिंग चैंपियनशिप के यूथ कैटिगरी प्रतिस्पर्धा में भारतीय महिला मुक्केबाज ने अपना दम दिखा दिया। ASBC एशियन यूथ एंड जूनियर बॉक्सिंग चैंपियनशिप के 66 किलोग्राम महिला वर्ग में हिमाचल प्रदेश के ज़िला किन्नौर के सांगला की मुक्केबाज स्नेहा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए यू.ए.ई की खिलाड़ी को फाइनल मुकाबले में हराकर स्वर्ण पदक पर कब्जा कर लिया।
किन्नौर जिला की स्नेहा ने एशियन यूथ वूमेन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भारत के लिए गोल्ड जीत कर न केवल भारत और हिमाचल प्रदेश को गर्व करने का अवसर दिया है, इससे इतर महिला सशक्तिकरण के मायनों को भी सार्थक किया है।
स्नेहा की ओर से बॉक्सिंग चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतने की खबर से जिला किन्नौर सहित सांगला वैली में उल्लास की लहर व्याप्त हो गई है।
स्नेहा सांगला के मनोज कुमार की पुत्री है और दिलचस्प बात है कि स्नेहा के बॉक्सिंग कोच श्याम रत्न रेपालटो बेरिंग नाग बॉक्सिंग क्लब सांगला में बच्चों को बॉक्सिंग का प्रशिक्षण देते हैं और अब स्नेहा के एक बड़े मुकाबले को जीतने के बाद, घाटी में खेलों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद को भी नए पंख लगने की संभावना बनी है।

