शिमला: हिमाचल प्रदेश में मौसम फिर बिगड़ने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने प्रदेश में तीन दिनों तक बारिश-बर्फबारी की संभावना जताई है। प्रदेश के कई मैदानी भागों में एक से तीन दिसंबर तक बारिश की संभावना है। प्रदेश में मध्य पर्वतीय और उच्च पर्वतीय भागों में बारिश-बर्फबारी के आसार हैं।
प्रदेश में येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने 2 दिसंबर को मध्य और उच्च पर्वतीय भागों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में यह बदलाव आने की संभावना है। वहीं, 30 नवंबर तक प्रदेश में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। सोमवार को प्रदेश के अधिकतर भागों में मौसम साफ बना रहा।
प्यास बुझाने रिहाइशी इलकों में आ रहे वन्य जीव
जनजातीय क्षेत्र लाहौल स्पीति में कई दुर्लभ प्रजाति के वन्य जीव कड़ाके की ठंड में रिहायशी इलाकों में आने लगे हैं। सर्दी शुरू होते ही साढ़े आठ हजार फीट से अधिक ऊंचाई पर पाए जाने वाले वन्य जीव कई रिहायशी इलाकों के आसपास देखे जा सकते हैं। इन दिनों लाहौल के पहाड़, झरने व नाले जमना शुरू हो गए हैं। जिसके चलते अब वन्य जीव प्यास बुझाने के लिए घाटी के कई क्षेत्रों में रिहायशी इलाकों के आसपास नदी व नालों में देखे जा रहे हैं।







