शिमलाः हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक मंगलवार को सुबह 10 बजे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में राज्य सचिवालय में होगी। इसमें सरकारी कर्मचारियों के नए वेतनमान पर दिए जाने वाले लाभों के बारे में चर्चा हो सकती है। मंत्रिमंडल इस संबंध में औपचारिक फैसला ले सकता है।
इन मुद्दों पर होगी चर्चा
पुलिस कांस्टेबलों को संशोधित पे बैंड देने का मामला भी राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में जा सकता है। कई कर्मचारियों के भर्ती एवं पदोन्नति नियमों के संशोधन पर भी निर्णय लिया जा सकता है।
कोविड-19 वैक्सीनेशन पर भी इस बैठक में प्रस्तुति दी जा सकती है। राज्य सरकार ने पांच दिसंबर तक दूसरी डोज के वैक्सीनेशन का लक्ष्य तय किया है। कोविड की वर्तमान स्थिति और नए वैरिएंट पर भी चर्चा हो सकती है।
वहीं, जेबीटी भर्ती को लेकर प्रदेश हाईकोर्ट से आए फैसले को राज्य सरकार चुनौती दे सकती है। राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में भी इस मामले को लेकर चर्चा होने के आसार हैं। प्रदेश हाईकोर्ट ने शिक्षा विभाग को भर्ती एवं पदोन्नति नियमों को संशोधित करने के आदेश दिए हैं। ऐसे में विभागीय अधिकारियों का मत है कि भर्ती एवं पदोन्नति नियमों में संशोधन भविष्य में होने वाली भर्तियों के लिए किया जा सकता है।
पूर्व में जारी भर्ती प्रक्रिया पुराने नियमों के तहत ही होनी चाहिए। इस मामले को लेकर मंगलवार को मंत्रिमंडल से अवगत करवाया जाएगा। मामला कोर्ट में विचाराधीन होने के चलते वर्ष 2019 से जेबीटी के करीब 2500 पदों पर भर्ती प्रक्रिया रुकी हुई है।


