स्पेशल डेस्क: कोरोना वायरस के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन को लेकर भारत में भी डर का माहौल है। वहीं, साउथ अफ्रीका से चंडीगढ़ लौटा एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
प्रोटोकॉल के अनुसार पॉजिटिव पाए गए मरीज को जरूरी व्यवस्थाओं के साथ आइसोलेशन में रखा जा रहा है। इतना ही नहीं संक्रमित पाए गए उस मरीज के कोरोना सैंपल को जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए दिल्ली के एनसीडीसी प्रयोगशाला भेजा गया है।
दक्षिण अफ्रीका से लौटे इस 39 साल के शख्स के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद उन्हें आइसोलेशन मे रखा गया है। जबकि परिवार के एक सदस्य की रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है।
बता दें कि दक्षिण अफ्रीका समेत अन्य देशों में कोरोना वायरस के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के सामने आने के बाद सोमवार को केंद्र सरकार ने ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। सरकार ने भारत आने वाले सभी यात्रियों को जरूरी प्रोटोकॉल का पालने करने की सलाह दी है।
वहीं केंद्र सरकार 15 दिसंबर से अतर्राष्ट्रीय उड़ानों को शुरू करने के फैसले की भी समीक्षा करेगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए महाराष्ट्र, झारखंड समेत कई राज्यों की सरकार ने अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है।


