शिमला: तमिलनाडु के किन्नूर में आर्मी हेलीकॉप्टर हादसे में हिमाचल प्रदेश का फौजी जवान विवेक कुमार भी शहीद हो गया है। लांस नायक विवेक कुमार भी उन 13 लोगों में शामिल थे, जिनकी इस हादसे में मौत हो गई है। विवेक सीडीएस बिपिन रावत के पीएसओ थे। उनके निधन पर सीएम जयराम ठाकुर ने भी शोक जताया है।
जानकारी के अनुसार, विवेक कुमार कांगड़ा जिले के जयसिंहपुर स्थित कोसरी क्षेत्र के ठेहडू गांव के रहने वाले थे। विवेक अपने पीछे छह माह का बेटा, पत्नी और माता-पिता को छोड़ गए हैं। वह तीन भाई बहनों में सबसे बड़े थे। उधर जब इस बारे में कांगड़ा के डीसी निपुण जिंदल से बात की गई तो उन्होंने बताया कि सेना की ओर से इसकी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है।
2 वर्ष पहले हुई थी शादी, 6 माह का है बच्चा
29 वर्षीय विवेक कुमार अभी हाल ही में छुटी काट कर गए थे। 2 वर्ष पहले उनकी शादी हुई थी और अभी उनका 6 माह का एक बच्चा है। विवेक कुमार 12 जैक राइफल में भर्ती होने के पश्चात पैरा कमांडों की कठिन ट्रेनिंग पास कर पैरा 1 रैजीमैंट में अपनी सेवाएं दे रहे थे। विवेक का बचपन से ही फौज में भर्ती होकर देश सेवा करने का उद्देश्य था। विवेक बहुत ही मिलनसार वायक्तित्व के थे। बताया जा रहा है कि उनके माता पिता दोनों मेहनत मजदूरी करते हैं।







