शिमला: हिमाचल प्रदेश में ताजा बर्फबारी के बाद ठंड बढ़ गई है। प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में न्यूनतम पारा माइनस से नीचे चल रहा है। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में ताजा बर्फबारी के बाद जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। शाम होते ही लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं।
ठंड का आलम ये है कि अब झील झरनों के बाद लाहौल स्पीति में सरसों के तेल के पैकेट भी जमने लगे हैं।प्लास्टिक के बंद पैकेटों में जमे तेल को तंदूर के समीप पिघलाना पड़ रहा है। यही नहीं, सरकारी आवासों, होटलों सहित घरों में पानी के नल जम गए हैं। यहां पर न्यूनतम पारा -7 डिग्री और अधिकतम तापमान 1 डिग्री है। लाहौल में 5 और 6 अक्तूबर को भारी हिमपात हुआ था।
यही नहीं, नल में पानी जम गया है। घाटी के चंद्रावैली, दारचा क्षेत्र सहित समूची मयाड़ घाटी में दिन के समय भी शीतलहर का प्रकोप है। लाहौल में 100 से ज्यादा संपर्क मार्ग बर्फबारी से बाधित हैं।


