शिमला: हिमाचल प्रदेश में लगातार धूप खिलने के बाद अब मौसम बदलने वाला है। एक बार फिर बर्फबारी का दौर (Snowfall in shimla) शुरू होने वाला है। मौसम विभाग ने प्रदेश में तीन दिन बारिश-बर्फबारी की संभावना जताई है। प्रदेश के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में 15 से 17 दिसंबर तक बारिश-बर्फबारी और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में 16 और 17 दिसंबर को बारिश-बर्फबारी होने का पूर्वानुमान है।
तापमान में भारी गिरावट
मंगलवार को प्रदेश के कई हिस्सों में आसमान में बादल छाए रहे। जिससे तापमान में भारी गिरावट आई है। न्यूनतम तापमान में कमी आने से प्रदेश सुबह और शाम शीतलहर की चपेट में आ गया है। लगातार धूप खिलने से बर्फ पिघल रही है और अधिकतम तापमान में सामान्य से चार डिग्री की कमी भी दर्ज हुई।
शिमला शहर में भी बर्फबारी की आशंका
मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल ने कहा कि प्रदेश में आगमी तीन दिन प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की आशंका है। जबकि निचले क्षेत्रों में बारिश हो सकती है। उन्होंने कहा कि शिमला शहर के आसपास भी बर्फबारी की आशंका है।
लाहौल में ठंड और मुश्किलें बढ़ी
लाहौल-स्पीति जिले में बीते दिनों हुई बर्फबारी के चलते अब तक दुश्वारियां कम नहीं हुई है। जिले में सबसे अधिक 44 सड़कें प्रभावित हैं। पीने के पानी की 51 योजनाएं भी प्रभावित हैं। वहीं, तापमान भी लगातार गिर रहा है। यहां न्यूनतम पारा माइनस 10.4 डिग्री से भी नीचे लुढ़क गया है।







