स्पेशल डेस्क: तमिलनाडु के कुन्नूर में हेलिकॉप्टर क्रैश में घायल हुए ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह का भी निधन हो गया। 8 दिसंबर को तमिलनाडु के कुन्नूर में सीडीएस बिपिन रावत का हेलिकॉप्टर क्रैश हुआ था। इस हादसे में बिपिन रावत, उनकी पत्नी समेत 13 लोगों का निधन हो गया था। हादसे में सिर्फ वरुण सिंह ही अकेले बचे थे। भारतीय एयरफोर्स ने ट्वीट कर यह जानकारी दी कि बुधवार को उनका निधन हो गया।
भारतीय एयरफोर्स ने दी जानकारी
आईएएफ ने ट्वीट कर कहा कि भारतीय एयरफोर्स को यह बताते हुए काफी दुख हो रहा है कि ग्रुप कैप्टन का इलाज के दौरान आज निधन हो गया। वे 8 दिसंबर 2021 को हुए हादसे में अकेले जिंदा बचे थे। एयरफोर्स अफसर उनके निधन पर संवेदनाएं व्यक्त करते हैं और उनके परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं।
यूपी के दवरिया के रहने वाले थे वरुण
ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह यूपी के देवरिया के खोरमा कन्हौली गांव के रहने वाले थे। उनका इलाज बेंगलुरु के आर्मी अस्पताल में चल रहा था। वरुण ग्रुप कैप्टन अभिनंदन वर्धमान के बैचमेट रहे हैं। अभिनंदन वर्धमान ने ही 27 फरवरी 2019 को भारत की सीमा में घुसे पाकिस्तानी विमानों को खदेड़ा था।
पीएम मोदी ने जताया दुख
पीएम मोदी ने ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया। पीएम मोदी ने ट्वीट किया, ग्रुप कैप्टन वरुण ने गर्व के साथ राष्ट्र की सेवा की। उनके निधन की खबर से दुखी हूं। राष्ट्र के लिए उनकी समृद्ध सेवा को कभी नहीं भुलाया जा सकेगा। उसके परिवार और मित्रों के लिए संवेदनाएं।







